आखिर पैसे का हिसाब कब देंगे गिरिराज?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक जमाना था जब गिरिराज सिंह के बयान सुर्खियां बना करते थे लेकिन अब वो खुद सुर्खियों में हैं। उनके घर चोरी क्या हुई वो खुद ही शक के घेरे में आ गए।
चोर तो पकड़ा गया और चोरी का माल भी बरामद हो गया लेकिन फंस गए गिरिराज सिंह। गिरिराज अब बता नहीं पा रहे हैं कि जो चोरी का माल पुलिस ने बरामद किया है वो आया कहां से।
निशाने पर आए
गिरिराज सिंह इस प्रकरण के बाद तमाम विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं। जेडीयू, आरजेडी और कांग्रेस एक सुर में उनपर निशाना साध रही हैं और गिरिराज अपने बचाव में कुछ नहीं कह पा रहे हैं।
जदयू, राजद और कांग्रेस विधायकों ने इस मामले को लेकर बुधवार को विधानसभा में जमकर हंगामा किया और साथ ही मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। इसके अलावा विपक्षी दलों ने सिंह की संसद सदस्यता भी रद्द करने की मांग की।
फेरा और आयकर का भी फेर
नवादा से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह विदेशी मुद्रा विनियमन कानून (फेरा) में भी फंसते जा रहे हैं। उनके घर से चोरी होने के बाद बरामद 1.14 करोड़ रुपये का मामला अब राजनीतिक रंग लेने के साथ-साथ कानूनी प्रक्रिया के घेरे में भी आ रहा है।
वहीं इस मामले में आयकर विभाग भी सक्रिय हो गया है। प्रदेश पुलिस के एडीजी गुप्तेश्वर पांडेय का कहना है कि जरूरत पड़ने पर भाजपा सांसद से पूछताछ की जा सकती है।
गिरिराज का इंकार
गिरिराज सिंह ने एक बार फिर बरामद हुई रकम के बारे में कहा है कि यह पैसे उनके भाई के हैं, लेकिन बुधवार को भी उनके भाई सामने नहीं आए।
गिरिराज सिंह के पास कोई ठोस जवाब नहीं है और वो घिरते नज़र आ रहे हैं लेकिन उन्हें और उनकी पार्टी के नेताओं को उम्मीद है कि वह इस विवाद से पाक साफ बाहर निकल आएंगे।
क्या है पूरा मामला
गिरिराज सिंह के पटना के श्रीकृष्णपुरी इलाके के शिवम अपार्टमेंट स्थित घर से सोमवार को चोरी हुई तो पुलिस के होश उड़ गए लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चोर भी गिरफ्तार किया और माल भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने एक करोड़ पंद्रह लाख रुपये नकद, 600 अमेरिकन डॉलर, सोने और चांदी के गहने और छह मंहगी घड़ियां बरामद कर लीं।
लोकसभा चुनाव के दौरान गिरिराज सिंह ने जो हलफनामा दाखिल किया था उसके मुताबिक उन्होंने अपनी संपत्ति दो लाख से कुछ अधिक बताई थी। अब ऐसे में सवाल ये है कि पैसा कहां से आया?