Bihar Crime: रात के अंधेरे में दरोगा पर हमला, पिकअप चालक ने पकड़ा कॉलर; पुलिस की छवि पर खड़े हुए सवाल
मोतिहारी में पिपरा थाना के एक दरोगा को रात के अंधेरे में पिकअप चालक ने कॉलर पकड़कर घसीटा, जबकि गश्ती दल के अन्य पुलिसकर्मी मदद के लिए नहीं आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विस्तार
बिहार के मोतिहारी में पुलिसिंग सुधार के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात द्वारा नए नियम और कानून लागू किए जा रहे हैं, लेकिन जिले के कुछ पुलिसकर्मी खुद इन नियमों की धज्जियां उड़ाते दिख रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर मोतिहारी पुलिस की एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें पिपरा थाना क्षेत्र के एक दरोगा को रात के अंधेरे में एक पिकअप वाहन चालक द्वारा कॉलर पकड़े जाने और घसीटे जाने की घटना देखी जा सकती है। वीडियो में गश्ती दल के अन्य पुलिसकर्मी किसी भी तरह मदद के लिए आगे नहीं आए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना पिपरा थाना क्षेत्र के चिंतावनपुर के एनएच मार्ग पर हुई। वीडियो में देखा जा सकता है कि पिकअप चालक दरोगा पर पैसे वसूलने और मोबाइल छीनने का आरोप लगा रहा है। दरोगा का कहना है कि वाहन का पीछा करते समय उसे रोकने पर चालक ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। पुलिस को शक था कि पिकअप में शराब रखी हुई है।
एफआईआर दर्ज नहीं की गई
घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या रात में एक दरोगा अकेले गश्त करते हैं और अगर खुद पुलिसकर्मी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर कितने सवाल खड़े होते हैं। इस पूरे मामले में पिपरा थाना में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, जो स्थिति को और विवादास्पद बनाती है।
ये भी पढ़ें- Bihar News: हिजाब, नकाब, मास्क... सब बंद; चेहरा या पहचान छिपाते हुए बिहार में ज्वेलरी दुकानों में प्रवेश नहीं
विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस वीडियो ने मोतिहारी पुलिस की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं और यह मामला पुलिसिंग की पारदर्शिता और जिम्मेदारी पर गंभीर बहस का विषय बन सकता है।