Bihar News: वैशाली में लाल बालू से लदा तेज रफ्तार हाइवा ट्रक अचानक पलटा, वाहन के नीचे दबने से एक शख्स की मौत
Vaishali News: वैशाली में लाल बालू से लदे अनियंत्रित हाइवा ट्रक के अचानक पलट जाने से एक व्यक्ति की दबकर मौत हो गई। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी में सड़क जाम कर दी। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विस्तार
बिहार के वैशाली में हाजीपुर-महुआ मार्ग स्थित बोतला चौक पर तेज रफ्तार बालू लदा हाइवा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में ट्रक के नीचे दबने से एक साइकिल सवार व्यक्ति (50) की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं, हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई। इसके बाद घटना की सूचना महुआ थाना पुलिस अधिकारी को दी गई। उसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाइवा के नीचे दबे लोग को स्थानीय लोगों की मदद से निकालने की कवायद शुरू की। तब तक वाहन के नीचे दबे हुए व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान महुआ थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी दिवंगत जगरनाथ सिंह के बेटे अखिलेश सिंह (50) के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि अखिलेश सिंह दूध लेकर घर लौट रहे थे। तभी लाल बालू से लदा तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके नीचे दबकर अखिलेश की मौत हो गई।
इधर, महुआ थाना पुलिस अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने हाइवा ट्रक को जब्त कर लिया है। हालांकि आरोपी चालक घटनास्थल से फरार हो गया। वहीं, घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क मार्ग को जाम कर दिया। उसके बाद पुलिस लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराने में जुट गई।