सीतामढ़ी में रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार कार ने महिला और बच्चे को मारी टक्कर, CCTV में कैद हुई घटना
Bihar: घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। खासकर एक साइकिल सवार व्यक्ति तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और घायल महिला व बच्चे की मदद करने लगा। अन्य स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और दोनों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
विस्तार
बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार का खतरनाक रूप देखने को मिला। रीगा मिल चौक के पास एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे पैदल चल रही एक महिला और उसके बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर लगते ही दोनों उछलकर दूर जा गिरे। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महिला अपने बच्चे के साथ सड़क के किनारे धीरे-धीरे चल रही थी। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे उन्हें टक्कर मार देती है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला और बच्चा दोनों हवा में उछलकर दूर जा गिरे और कीचड़ से भरी सड़क किनारे गिर पड़े।
राहगीरों ने दिखाई इंसानियत
घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। खासकर एक साइकिल सवार व्यक्ति तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और घायल महिला व बच्चे की मदद करने लगा। अन्य स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और दोनों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पढ़ें: वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाले तीन युवक RPF के हत्थे चढ़े, इस तरह हुई गिरफ्तारी; जानें
चालक मौके से फरार
हादसे के बाद सबसे चिंताजनक बात यह रही कि कार चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। कार की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही आरोपी को पकड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों की उदासीनता को उजागर करती है। खासकर पैदल चलने वालों की सुरक्षा के लिए जरूरी है कि ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन हो और वाहन चालकों में जागरूकता लाई जाए।