LS Polls: चिराग के लिए प्रचार करने हाजीपुर पहुंचे पीएम, लालू को घेर कर बोले- लालटेन वालों ने फैलाई अंधेरगर्दी
PM Narendra Modi in Hajipur: पीएम मोदी ने दावा कर कहा कि बिहार में जंगलराज लाने वाले जिन्हें चारा घोटाला मामले में अदालत ने सजा सुनाई है, गुनहगार माना है, उन्होंने अभी-अभी एक बयान दिया है कि मुसलमान को आरक्षण दिया जाना चाहिए। वह भी पूरा का पूरा यानी दलित, पिछड़ों और आदिवासियों को मिलने वाला पूरा आरक्षण सिर्फ मुसलमान को देना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीद चिराग के पक्ष में प्रचार करने प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को हाजीपुर पहुंचे। हालांकि पीएम ने कल पटना में रोड शो भी किया था। उसके बाद आज सुबह पटना साहिब गुरुद्वारा भी पहुंचे थे। चुनावी सभा में पीएम मोदी ने कहा कि हाजीपुर यह भगवान बुद्ध और महावीर की धरती और लोकतंत्र की जननी है। यह वह धरती है जहां रामचौरा मंदिर भी है। हाजीपुर जाकर आशीर्वाद लेना मेरे लिए बहुत बड़े सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान पहली बार दिवंगत राम विलास पासवान की अनुपस्थिति में चुनाव लड़ रहे हैं।
राजद कांग्रेस पर लगाया तुष्टीकरण का आरोप
भाजपा के शीर्ष नेता नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि राजद के कार्यकाल में अपहरण और फिरौती उद्योग तेजी से फल फूल रहा था। सामाजिक न्याय के नाम पर लालटेन वालों ने बिहार में अंधेरगर्दी फैलाई थी। खुद बिहार को लूटकर आलीशान बंगला बनाकर अपने बच्चों को सेट किया। नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपका एक-एक वोट एनडीए को मजबूत बनाएगा और केंद्र में मजबूत सरकार बनेगी। मोदी ने आरोप लगाया कि राजद और कांग्रेस इन दोनों पार्टियों ने अब तुष्टीकरण को अपना सबसे बड़ा राजनीतिक हथियार बनाया है। इंडिया गठबंधन के लोग राम मंदिर के नाम पर भद्दी-भद्दी बातें कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में जंगलराज लाने वाले जिन्हें चारा घोटाला मामले में अदालत ने सजा सुनाई है, गुनहगार माना है, उन्होंने अभी-अभी एक बयान दिया है कि मुसलमान को आरक्षण दिया जाना चाहिए। वह भी पूरा का पूरा यानी दलित, पिछड़ों और आदिवासियों को मिलने वाला पूरा आरक्षण सिर्फ मुसलमान को देना चाहिए। मैं भी अति पिछड़ा समाज से आता हूं, ऐसा सुनकर मैं जानता हूं कि उनकी बेचैनी बढ़ गई होगी। नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो 2014 में दलित के बेटे को और अब आदिवासी की बेटी को देश का राष्ट्रपति बनाया। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस के लोग आरक्षण का भय दिखाकर वोट लेना चाहते हैं। मैं आपको गारंटी दिलाता हूं जब तक मोदी जिंदा है तब तक आरक्षण को कोई समाप्त नहीं कर सकता।
'भ्रष्टाचारियों को खोज कर सजा दे रही हमारी सरकार'
नरेंद्र मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचारियों को खोज कर हमारी सरकार सजा दे रही है। उन्होंने दावा कर कहा कि कांग्रेस की सरकार में सिर्फ 35 लाख अवैध संपत्ति जब्त की गई। जबकि हमारे 10 साल के शासनकाल में 2,200 करोड़ रुपये जब्त की गई। पिछले 10 साल में 1,400 किलोमीटर रेल लाइन, 400 से अधिक रेलवे फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए गए। पिछले 10 साल में 3,300 किलोमीटर दूरी के नेशनल हाईवे बना, जिसमें कितने लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि 10 साल में चार करोड़ गरीबों का पक्का मकान और बिहार में 40 लाख लोगों का पक्का मकान बनाया गया।
इस बार कर दिया यह वादा
नरेंद्र मोदी ने कहा कि मोदी के वारिस आप और आपके परिवार और बच्चे हैं। मुझे वारिस में आपके बच्चे के उज्जवल भविष्य की गारंटी विकसित भारत देकर जाना है। मुद्रा योजना के तहत बिहार के ढाई लाख करोड़ रुपये की मदद युवाओं को दी गई। नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिवंगत रामविलास पासवान को आप लोगों ने रिकॉर्ड मतों से जिताया था, उनसे अधिक रिकॉर्ड मतों से चिराग पासवान को जिताओ यही रामविलास पासवान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
चिराग ने मोदी की तारीफ में पढ़े कसीदे
वहीं, सभा को संबोधित करते चिराग पासवान ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी हमारे पिता दिवंगत रामविलास पासवान के लिए हाजीपुर आए थे, आज हमारे लिए हाजीपुर आए हैं। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। चिराग ने कहा कि हाजीपुर के लोगों ने हमें हिम्मत दी है। उन्होंने कहा कि हाजीपुर की जनता से ही चिराग पासवान का अस्तित्व है। कई बड़ी शक्तियों ने चिराग पासवान को समाप्त करने का प्रयास किया। चिराग ने कहा कि देश में पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने जिन्होंने गरीबों के लिए शौचालय, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, पक्का मकान और आयुष्मान कार्ड बनाया। साथ ही देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन दिया जा रहा है।
'कुछ लोग भ्रम फैला रहे'
चिराग पासवान ने कहा कि कुछ लोग आपके बीच भ्रम फैल रहे हैं। यह वही लोग हैं जो 1990 के दशक में लाठी में तेल पिलाने का काम करते थे। राजद और कांग्रेस के लोग विरासत टैक्स लगाकर आपके जेवर और संपत्ति को जब्त करना चाहते हैं। अगर यह लोग सत्ता में आ गए तो गरीब कल्याण योजना के तहत हम लोगों को मिलना वाला अनाज बंद कर दिया जाएगा। चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है।