Bihar News: चाचा ने अपने ही भतीजे को मारी गोली; मासूम घायल, मुख्य आरोपी फरार, दो लोग गिरफ्तार
Muzaffarpur News: पुलिस ने बताया कि आपसी विवाद में गोलीबारी की घटना सामने आई है। एक मासूम को गोली लगी है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है। मामले की जांच की जा रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी रंजिश और जमीनी विवाद के चलते एक चाचा ने अपने ही 10 वर्षीय भतीजे को गोली मार दी। घटना साहेबगंज थाना क्षेत्र के रूप छपरा गांव वार्ड 10 की है, जहां दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घर में घुसकर की गई वारदात
जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त परिवार अपने घर में मौजूद था। आरोपी चाचा अपने कुछ साथियों के साथ घर में घुस आया और मारपीट करने लगा। इस दौरान फायरिंग भी शुरू कर दी गई, जिसमें सोनू कुमार के दस वर्षीय पुत्र आयुष कुमार को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल आयुष को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सर, प्लीज सुन लीजिए... शिक्षा मंत्री की गाड़ी पर लटकी महिला अभ्यर्थी बोली, जान लीजिए पूरा मामला
लंबे समय से चल रहा था विवाद
घायल आयुष की मां पम्मी देवी ने रोते हुए बताया कि उनके परिवार का अपने पट्टेदारों के साथ पिछले कई महीनों से जमीनी विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि हम लोग घर में थे तभी अचानक हमारे पट्टेदार लाठी-डंडा और हथियार लेकर घुस आए। मारपीट शुरू कर दी और फिर गोली चला दी। मेरे बेटे को गोली लग गई। वो सभी पहले भी झगड़े करते थे, आज जान लेने पर उतर आए। पम्मी देवी ने प्रशासन से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है।
दो लोग गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही साहेबगंज थाना पुलिस और सरैया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार चंदन मौके पर पहुंचे। मौके से गोली का एक खोखा बरामद किया गया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। एसडीपीओ कुमार चंदन ने बताया कि आपसी विवाद में गोलीबारी की घटना सामने आई है। एक मासूम को गोली लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है। मामले की जांच की जा रही है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Crime: अपराधियों ने दिनदहाड़े युवक से पांच लाख लूटे, विरोध करने पर गोली मारकर ली जान; हाईवे जाम कर प्रदर्शन
गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। लोगों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है, पहले भी विवाद के चलते आरोपियों ने मारपीट की थी। लेकिन इस बार मामला गोलीबारी तक पहुंच गया, जो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.