बिहार: मुजफ्फरपुर में ईंट-भट्ठे की आड़ में नकली सिगरेट फैक्टरी का भंडाफोड़, करोड़ों का माल जब्त
मुजफ्फरपुर के मुशहरी में ईंट-भट्ठे की आड़ में चल रही नकली सिगरेट फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। आईटीसी की शिकायत पर हुई कार्रवाई में नकली सिगरेट, मशीन, रैपर समेत अन्य सामग्री बरामद हुई। आरोपी और मजदूर मौके से फरार मिले।
विस्तार
मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र के माधोपुर चौड़ में ईंट-भट्ठे की आड़ में चल रही नकली सिगरेट फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एक नामी कंपनी आईटीसी की शिकायत और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यहां छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न कंपनियों के नाम से तैयार की गई नकली सिगरेट, सिगरेट बनाने की मशीन, रैपर और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
देर रात तक पुलिस जब्त सिगरेट के पैकेटों की गिनती और बरामद सामान के बाजार मूल्य का आकलन कर रही थी। सुनसान इलाके में नकली सिगरेट फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फैक्ट्री में नकली सिगरेट का निर्माण कब से किया जा रहा था।
कंपनी की ओर से दावा किया गया है कि नकली सिगरेट के कारोबार के कारण कंपनी को हर साल करीब 50 से 60 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा था। कार्रवाई की भनक लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर मौके से फरार हो गए। मकान में ताला लगा मिला।
कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, बाजार में कंपनी के ब्रांड की पहचान होने के बावजूद लगातार गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद कंपनी की टीम ने यह पता लगाने की कोशिश शुरू की कि नकली सिगरेट कहां तैयार की जा रही है। टीम ने दुकानों पर जानकारी जुटाने के बाद रेकी की और पुलिस की मदद से नकली फैक्ट्री तक पहुंची।
पढ़ें: बिहार में वकील की हत्या; कोर्ट से जुड़े किसी विवाद के कारण अधिवक्ता के मर्डर की आशंका
आईटीसी कंपनी के अधिकारी टीटू शर्मा ने बताया कि यहां कम से कम चार ब्रांड की नकली सिगरेट तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। तैयार सिगरेट को मुशहरी और मुजफ्फरपुर के अलावा समस्तीपुर, दरभंगा, वैशाली, पूर्वी चंपारण समेत उत्तर बिहार के अन्य जिलों में खपाए जाने की जानकारी मिली है।
मुशहरी थाना के थानेदार सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि कंपनी की शिकायत पर चिमनी भट्ठे के समीप स्थित मकान में छापेमारी की गई। इस दौरान नकली सिगरेट के अलावा मशीन, रैपर और अन्य सामग्री जब्त की गई है। फैक्ट्री को सील करने की प्रक्रिया चल रही है।
थानेदार ने बताया कि मामला डुप्लीकेट और कॉपीराइट से जुड़ा हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। मकान में ताला लगाकर आरोपी फरार हो गए हैं। बरामद सामान की सूची तैयार की जा रही है। जांच में गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।