{"_id":"6a2971aa0c00ad867407bd45","slug":"muzaffarpur-bihar-news-son-in-law-dies-under-suspicious-circumstances-at-in-laws-house-wife-accused-of-murder-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1376-4379821-2026-06-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: ससुराल में रह रहे दामाद की रहस्यमयी मौत! कमरे में मिला शव, परिजनों ने पत्नी, ससुर और साले पर लगाया आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: ससुराल में रह रहे दामाद की रहस्यमयी मौत! कमरे में मिला शव, परिजनों ने पत्नी, ससुर और साले पर लगाया आरोप
Wed, 10 Jun 2026 08:52 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Wed, 10 Jun 2026 08:52 PM IST
सार
Bihar: मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में ससुराल में रह रहे 35 वर्षीय विवेक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव कमरे से बरामद किया गया। परिजनों ने पत्नी, ससुर और साले पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
युवक की संदिग्ध मौत
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में एक शख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक अपने ससुराल में रह रहा था और बुधवार को उसका शव कमरे में मिला। मौत की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। मृतक की पहचान कुढ़नी प्रखंड क्षेत्र के केरमा गांव निवासी विवेक कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक मुजफ्फरपुर शहर स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। मृतक की हत्या का आरोप उसके परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
परिजनों ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप
घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने बताया कि विवेक शादी के बाद से अपने ससुराल, काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सैदपुरा मोहल्ले में रह रहा था। उनका आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की जाती थी। विवेक राजमिस्त्री का काम करता था। बुधवार को उसकी मौत की जानकारी मोहल्ले के लोगों द्वारा मिली।
विज्ञापन
शरीर पर मिले चोट और दांत काटने के निशान
परिजनों का कहना है कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो विवेक के हाथ पर दांत काटने के निशान और शरीर पर कई गहरे जख्म दिखाई दिए। उनका आरोप है कि विवेक की हत्या की गई है और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
विज्ञापन
पत्नी, ससुर और साले पर लगाया आरोप
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि इस घटना को अंजाम देने में विवेक की पत्नी, उसके भाई (साले) और ससुर की भूमिका है। उनका कहना है कि तीनों ने मिलकर विवेक की हत्या कर दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस जांच में जुटी
पूरे मामले में काजी मोहम्मदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेजा गया है।
ये भी पढ़ें: गवाही देना पड़ा भारी! पूर्णिया में आंगनबाड़ी सेविका और पति पर घर में घुसकर जानलेवा हमला, मंगलसूत्र छीना
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।