बिहार: बेटे को करंट लगा तो बचाने दौड़ी मां, दोनों की थम गई सांसें; खेत में बिछी मौत ने उजाड़ दिया परिवार
सारण के परसा में बैंगन के खेत में पटवन के दौरान 14 वर्षीय राहुल करंट की चपेट में आ गया। बेटे को बचाने दौड़ी मां रिंकू देवी भी करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
विस्तार
सारण जिले के परसा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 स्थित खोजौली गांव में बैंगन के खेत में पटवन के दौरान करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई। 14 वर्षीय राहुल कुमार अचानक करंट की चपेट में आ गया। बेटे को तड़पता देख उसकी मां रिंकू देवी उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान डेरनी थाना क्षेत्र के खजौली निवासी जयप्रकाश सिंह उर्फ साधु की 45 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी और उनके 14 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। राहुल उत्क्रमित मध्य विद्यालय खजौली में पढ़ता था।
परिजनों के अनुसार, जयप्रकाश सिंह ने घर से कुछ दूरी पर शोभे परसा गांव के समीप बैंगन की खेती कर रखी है। रिंकू देवी अपने बेटे राहुल के साथ खेत में पटवन करने गई थीं। बताया गया कि खेत में शोभे परसा के एक व्यक्ति की मोटर से पानी चलाया जा रहा था। खेत की सुरक्षा के लिए चारों तरफ तार की घेराबंदी की गई थी।
इसी दौरान मोटर के लिए लगाए गए तार में करंट प्रवाहित होने की बात सामने आई। पटवन के दौरान राहुल करंट की चपेट में आ गया। बेटे को मुसीबत में देखकर रिंकू देवी उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने परिजनों की मदद से दोनों को तत्काल सरकारी अस्पताल, परसा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया।
पढे़ं: कभी एसटीएफ तो कभी आरपीएफ बनकर जमाता था रौब, चलती ट्रेन में यात्रियों को निशाना बनाने वाला गिरफ्तार
खेत में पहुंचे परिजन तो सामने पड़े थे मां-बेटे के शव
जयप्रकाश सिंह ने बताया कि वह सब्जी खरीदने के लिए देहात गया था। वहां से सब्जी परसा मंडी में रखने के बाद खाना खाने घर पहुंचा तो दरवाजे पर ताला लगा था। पत्नी और बेटे की तलाश में वह खेत की ओर गया। वहां पत्नी और बेटे को अचेत अवस्था में पड़ा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मां-बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पति जयप्रकाश सिंह, पुत्री प्रिया, पुत्र विनय सहित ससुर भूटेली सिंह और सास शैल देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर परसा थाने के थानाध्यक्ष ओम प्रकाश और डेरनी थाना के एसआई त्रिपुरारी सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस खेत में करंट प्रवाहित होने की स्थिति और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि दीपक कुमार, वार्ड पार्षद सूरज तूफान, स्थानीय वार्ड प्रतिनिधि मोहन गिरी, वार्ड पार्षद सुनील यादव, सनोज यादव, बीडीसी मुकेश सिंह और राजू राय समेत कई लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। मां-बेटे की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मची है।