बिहार: मुजफ्फरपुर के गायघाट में सरकारी स्कूल के पीछे मिला नर कंकाल, एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र के भूसरा गांव में सरकारी स्कूल के पीछे बगीचे के खड्डे से नर कंकाल मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। FSL टीम ने साक्ष्य जुटाना शुरू किया है। कंकाल की पहचान और मौत के कारणों की जांच जारी है।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के भूसरा गांव के पास सरकारी स्कूल के पीछे बगीचे में एक खड्डे से नर कंकाल मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। कंकाल मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कंकाल को सुरक्षित तरीके से बाहर निकलवाने की प्रक्रिया शुरू की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।
स्थानीय ग्रामीण आलोक कुमार ने बताया कि वे गांव में टहल रहे थे। इसी दौरान स्कूल के पीछे स्थित बगीचे में एक खड्डे में कंकाल पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि कंकाल में बाल भी नजर आ रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को आशंका है कि यह किसी महिला का हो सकता है। हालांकि, कंकाल किसका है, इसकी जानकारी नहीं है। ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि कंकाल को कहीं और से लाकर यहां डंप किया गया होगा।
पढ़ें: खेत में बिछा था करंट वाला नंगा तार, पति-पत्नी समेत तीन की मौत; एक गंभीर
वहीं, ग्रामीण तुलसी राय ने बताया कि खड्डे में सड़ी-गली लाश पड़ी हुई थी, जिसमें अब कंकाल नजर आ रहा है। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
गायघाट थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को एक खड्डे में कंकाल पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम को बुलाया गया है। वरीय अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी गई है और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति कराई गई है। पुलिस आगे की जांच और कार्रवाई में जुटी है।