बिहार: शेखपुरा में सीएसपी संचालक से डेढ़ लाख की लूट, बदमाशों ने की आधा दर्जन राउंड फायरिंग
शेखपुरा के पचना गांव में शनिवार शाम बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने सीएसपी संचालक ब्रजनंदन मालाकर से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने आधा दर्जन राउंड फायरिंग की और बंदूक के कुंदे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
विस्तार
बिहार के शेखपुरा जिले से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। टाउन थाना क्षेत्र के पचना गांव में शनिवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने सीएसपी सेंटर संचालक से हथियार के बल पर लूटपाट की। इस दौरान बदमाशों ने करीब आधा दर्जन राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि, गोली सीएसपी संचालक को नहीं लगी, लेकिन बदमाशों ने बंदूक के कुंदे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ित के अनुसार, बदमाश करीब डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सीएसपी सेंटर संचालक ब्रजनंदन मालाकर शनिवार शाम करीब सात बजे सेंटर बंद कर बैग में रुपये लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। बदमाशों ने गोलियां चलाते हुए उनसे रुपये से भरा बैग छीन लिया। इस दौरान संचालक पर बंदूक के कुंदे से हमला भी किया गया।
गोलीबारी की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश हथियार लहराते हुए बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल संचालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीड़ित के बेटे ने बताया कि पिता से घटना की जानकारी मिलने के बाद वह बाजार से घर पहुंचा। उनके पिता ने करीब डेढ़ लाख रुपये लूटे जाने की बात बताई है। बदमाशों ने लूट के दौरान करीब आधा दर्जन राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इस घटना के बाद से कारोबारियों में डर बना हुआ है। उनका कहना है कि इलाके में सुरक्षा के लिए सरकारी स्तर पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। इससे व्यापारियों को हमेशा असुरक्षा की चिंता सताती रहती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल घटनास्थल पर एएसपी समेत टाउन थाने की भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। टाउन थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मौके से खोखे और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।