Bihar Accident: मुजफ्फरपुर में स्कूल वैन नदी में गिरी, चालक फरार; एक बच्ची की हालत नाजुक
Bihar: स्थानीय महिला ऋतु देवी ने भी हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चों के स्कूल रवाना होने के थोड़ी देर बाद ही दुर्घटना की खबर मिली, जिसके बाद गांव वाले दौड़कर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र अंतर्गत केरमा डीह में शुक्रवार सुबह एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर कदाने नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त वैन में तीन बच्चे सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को बाहर निकाल लिया गया, जिनमें से एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया।
घायल बच्चों की पहचान 6 वर्षीय अनुष्का कुमारी पिता- निर्शन सहनी, 8 वर्षीय आरोही कुमारी और 7 वर्षीय नैना कुमारी के रूप में की गई है। तीनों बच्चे केरमा डीह गांव के ही रहने वाले हैं और पास के एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं।
स्थानीय ग्रामीण हरिओम कुमार ने बताया कि वैन अनियंत्रित होकर सीधे नदी में पलट गई। हम लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और एक ट्रैक्टर मंगवाकर वैन को बाहर निकाला। बच्चों को नदी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। ड्राइवर नशे की हालत में था और घटना के तुरंत बाद फरार हो गया।
पढ़ें: खगमा नदी में डूबने से 12 वर्षीय छात्रा की मौत, शव की तलाश जारी; परिवार में पसरा मातम
स्थानीय महिला ऋतु देवी ने भी हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चों के स्कूल रवाना होने के थोड़ी देर बाद ही दुर्घटना की खबर मिली, जिसके बाद गांव वाले दौड़कर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।
इधर, कुढ़नी थाना प्रभारी पुनीत कुमार ने बताया कि दुर्घटना में तीन बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। वैन चालक फरार है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी परिजन द्वारा थाने में आवेदन नहीं दिया गया है।