Bihar: सामूहिक दुष्कर्म का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, रुपया खत्म होते ही लौट रहा था घर; पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा
Bihar: घटना के दिन मनीष कुमार ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर एक किशोरी को जबरन घर से उठाया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने किशोरी को नकली लाइट गन दिखाकर धमकाया और उसका वीडियो भी बना लिया।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 मई को हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के मुख्य आरोपी मनीष कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मनीष मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी जिले की सीमा पर स्थित रामपुर हरि चौक के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे खदेड़कर दबोच लिया।
जानकारी के मुताबिक, वारदात के बाद मनीष शिवहर जिले में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था। काफी दिनों तक वहां रहने के बाद जब उसके पास पैसे खत्म हो गए, तो वह आर्थिक मदद के लिए अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली और उसने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
नकली लाइट गन से धमका कर किया था दुष्कर्म, बनाया गया था वीडियो
घटना के दिन मनीष कुमार ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर एक किशोरी को जबरन घर से उठाया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने किशोरी को नकली लाइट गन दिखाकर धमकाया और उसका वीडियो भी बना लिया। इसी वीडियो के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान हुई थी। पुलिस पहले ही इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी मनीष कुमार तब से फरार था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
पढ़ें: नर्सिंग होम के OT में चोरी करते पकड़ा गया युवक, लोगों ने पेड़ से बांधकर जमकर पीटा; पुलिस ने की कार्रवाई
स्पीडी ट्रायल के तहत दिलाई जाएगी सजा
इस मामले को लेकर ग्रामीण एसपी विद्यासागर ने बताया कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले दो अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब तीनों को स्पीडी ट्रायल के तहत सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी ताकि समाज में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वालों को कड़ा संदेश दिया जा सके।