Bihar: रक्षाबंधन पर बहनों को डाक विभाग का तोहफा, ‘राखी मेल’ से 48 घंटे में पहुंचेगी राखी; 10 प्रतिशत की छूट
रक्षाबंधन से पहले डाक विभाग ने राखियों की समय पर डिलीवरी के लिए ‘राखी मेल’ की विशेष व्यवस्था शुरू की है। स्पीड पोस्ट से राखी भेजने पर 10% की छूट दी जा रही है। प्रधान डाकघर में अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं और राखियों के प्राथमिकता के आधार पर वितरण की व्यवस्था की गई है।
विस्तार
रक्षाबंधन पर भाई-बहन के पवित्र, स्नेह और विश्वास के रिश्ते के पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने राखियों की समय पर डिलीवरी के लिए विशेष व्यवस्था शुरू की है। डाक विभाग की ओर से ‘राखी मेल’ के नाम से विशेष लिफाफा जारी किया गया है, जिसके माध्यम से देशभर के साथ-साथ विदेशों में भी राखियों का शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर वितरण किया जा रहा है। स्पीड पोस्ट से राखी भेजने पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है।
डाक विभाग के अधिकारी ने बताया कि प्रतिदिन 400 से 500 तक राखियों की बुकिंग हो रही है, जिनमें करीब आधा दर्जन बुकिंग विदेश भेजी जाने वाली राखियों की है। लोगों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त काउंटर भी शुरू किए गए हैं।
रेल डाक सेवा के अधीक्षक आशुतोष आदित्य ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व को लेकर डाक विभाग हर वर्ष विशेष पहल करता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार ‘राखी मेल’ की शुरुआत की गई है। राखी भेजने के लिए एक विशेष डाक लिफाफा तैयार किया गया है, ताकि लिफाफे की पहचान आसानी से हो सके और छंटाई के दौरान कर्मचारियों को इसे अलग करने में सुविधा हो।
उन्होंने बताया कि इस विशेष लिफाफे की कीमत महज 10 रुपये रखी गई है। यह सुरक्षित और टिकाऊ है। ग्राहकों को इसे स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजने की सुविधा दी जा रही है और इसकी प्रक्रिया रेल डाक सेवा मंडल द्वारा की जा रही है।
‘राखी मेल’ को अंतर्देशीय स्पीड पोस्ट के तहत 50 ग्राम तक के दस्तावेज या राखी के लिफाफे के लिए स्थानीय स्तर पर 19 रुपये और दूसरे राज्यों में भेजने के लिए 47 रुपये का मूल शुल्क निर्धारित किया गया है। इन शुल्कों पर जीएसटी अलग से देय होगा। ‘राखी मेल’ योजना के तहत 55 रुपये का शुल्क निर्धारित है, जिसमें 10 प्रतिशत की सीधी छूट के बाद इसे महज 50 रुपये में भेजा जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Bihar News: बिहार में गंगा का रौद्र रूप! रातोंरात डेढ़ फीट बढ़ा जलस्तर, सैकड़ों एकड़ फसल डूबी; फसलों पर संकट
सभी काउंटर रात में भी खुले रखे जा रहे
लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रधान डाकघर में एक दर्जन बुकिंग काउंटर खोले गए हैं। सभी काउंटर रात में भी खुले रखे जा रहे हैं, ताकि लोग आसानी से राखियां भेज सकें। डाक विभाग की ओर से राखियों के त्वरित प्रसंस्करण के साथ-साथ उनके प्राथमिकता के आधार पर वितरण की व्यवस्था भी की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले भाइयों तक बहनों की राखियां समय पर और सुरक्षित पहुंचाना है। डाक विभाग सामान्य स्पीड पोस्ट की तुलना में राखी मेल को प्राथमिकता दे रहा है, ताकि राखियां समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। अधिकारी के अनुसार, देश के किसी भी कोने में राखी पहुंचाने के लिए अधिकतम 48 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। डाक विभाग इस व्यवस्था को लेकर लोगों से फीडबैक भी ले रहा है।

डाक मेल सेवा रक्षाबंधन

डाक मेल सेवा रक्षाबंधन

डाक मेल सेवा रक्षाबंधन