Bihar: स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने किया अतिरिक्त स्वास्थ्य उपकेंद्र का उद्घाटन, जिले को मिलेंगी नई सुविधाएं
Bihar: एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार और केंद्र सरकार दोनों की प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवा का विस्तार है। उन्होंने दावा किया कि आज पूरे बिहार में स्वास्थ्य क्षेत्र में सबसे ज्यादा काम हो रहा है, नए-नए अस्पताल बन रहे हैं और सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं।
विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे शनिवार को जिले के औराई विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कटरा प्रखंड के जजुआर में बने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बिहार स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहा है और आने वाले दिनों में मुजफ्फरपुर स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा हब बनकर उभरेगा।
मंत्री पांडे ने कहा कि जिले को जल्द ही दो नए क्रिटिकल केयर अस्पताल मिलने वाले हैं, जिनमें से एक सदर अस्पताल परिसर में और दूसरा मेडिकल कॉलेज में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर को कैंसर अस्पताल की सौगात दी है और आने वाले दिनों में और भी स्वास्थ्य संस्थान यहां शुरू किए जाएंगे।
पढ़ें: सीवान में भाजपा का आक्रोश मार्च, राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार विरोध; जमकर लगाए नारे
एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार और केंद्र सरकार दोनों की प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवा का विस्तार है। उन्होंने दावा किया कि आज पूरे बिहार में स्वास्थ्य क्षेत्र में सबसे ज्यादा काम हो रहा है, नए-नए अस्पताल बन रहे हैं और सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने बताया कि औराई जैसे सुदूर क्षेत्र में लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की कमी महसूस की जा रही थी। अब जजुआर में बने अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र से यहां के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इस केंद्र में चिकित्सक, दवाएं, पैरा मेडिकल स्टाफ और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस मौके पर राज्य सरकार के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, औराई के विधायक रामसूरत राय समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।