बिहार: तेल टैंकर ने मजदूर को कुचला, मौके पर मौत; किशोरी गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों ने चालक को पकड़ा
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी थाना क्षेत्र के चंद्रहट्टी फोरलेन पर तेल टैंकर की ठोकर से 55 वर्षीय मजदूर सुबोध कुमार ठाकुर की मौत हो गई। हादसे में एक लड़की गंभीर रूप से घायल हुई। ग्रामीणों ने टैंकर चालक को पकड़ लिया।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के चंद्रहट्टी स्थित फोरलेन पर सोमवार को तेज रफ्तार तेल टैंकर ने एक मजदूर को कुचल दिया। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान चंद्रहट्टी जगदंबा स्थान निवासी 55 वर्षीय सुबोध कुमार ठाकुर उर्फ भुल्लर के रूप में हुई है। वहीं, घायल लड़की की पहचान लाल बाबू मांझी की बेटी के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि सुबोध किसी काम से पैदल चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरपुर की तरफ जा रहे तेल टैंकर के चालक ने उन्हें ठोकर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे टैंकर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर कुढ़नी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
पढ़ें: जमीन विवाद पर बवाल, 250 लोगों की भीड़ ने तोड़ी बाउंड्री; तनाव के बाद पुलिस छावनी बना तक्कीपुर गांव
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस बीच मुखिया ने तत्काल अपने निजी कोष से मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।
कुढ़नी थाना प्रभारी पुनीत कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मजदूर की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
