बिहार न्यूज: आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, ग्रामीणों ने पकड़कर कराई शादी; वीडियो वायरल
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के अब्दुल नगर गांव में प्रेमी युगल की ग्रामीणों द्वारा शादी कराने का मामला सामने आया है। बताया गया कि युवक करीब एक साल से सोशल मीडिया के जरिए युवती के संपर्क में था और आधी रात उससे मिलने गांव पहुंचा था।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में एक प्रेमी युगल की ग्रामीणों द्वारा शादी करवाने का मामला सामने आया है। युवक आधी रात अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इसकी भनक लड़की के परिजनों को लगी तो बात देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और दोनों की शादी कराने का फैसला किया। लड़की के घर में ही शादी की रस्में पूरी कराई गईं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर हुई थी दोनों की दोस्ती
मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के अब्दुल नगर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक की करीब एक साल पहले अब्दुल नगर गांव की रहने वाली लड़की से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क हुआ था। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए और उनके बीच प्रेम संबंध बन गया।
बताया जा रहा है कि प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने की जिद में आधी रात को उसके गांव पहुंच गया। युवक के गांव पहुंचने की जानकारी जैसे ही लड़की के परिजनों को हुई, उन्होंने उसे पकड़ लिया। इसके बाद यह बात पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों ने घर में ही शुरू करा दी शादी की रस्में
मौके पर ग्रामीणों और लड़की पक्ष के लोगों ने युवक को पकड़ रखा था। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया। युवक को लड़की के घर में ही रोक लिया गया और शादी की रस्में शुरू कर दी गईं। शादी के लिए सिंदूर मंगवाया गया। इस दौरान महिलाओं ने शादी के गीत भी गाए। इसके बाद युवक ने लड़की की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी बना लिया। ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों की शादी कराई गई। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर काफी गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
प्रेमी युगल की शादी करवाए जाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक को ग्रामीणों और लड़की पक्ष के लोगों के बीच देखा जा सकता है। इसके बाद घर के अंदर दोनों की शादी की रस्में कराई जाती दिखाई दे रही हैं।
पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के बीच से निकाला
पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के बीच से बाहर निकाला और लड़की को भी अपने साथ थाने ले गई। पुलिस ने मामले की जानकारी लेने के बाद पाया कि दोनों युवक-युवती बालिग हैं।
इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और मुखिया के कहने पर दोनों से बॉन्ड भरवाया गया और उन्हें छोड़ दिया गया। ग्रामीणों के निर्णय के बाद दोनों को पुलिस ने मुक्त कर दिया। इस मामले में प्रेमी युगल की ग्रामीणों द्वारा कराई गई शादी और उसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।