Bihar: मुजफ्फरपुर में ₹19 हजार की रिश्वत लेते जिला कृषि पदाधिकारी गिरफ्तार, निगरानी की कार्रवाई से हड़कंप
Bihar: बिहार के मुजफ्फरपुर में पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार को ₹19 हजार रिश्वत लेते उनके आवास से गिरफ्तार किया। कार्रवाई से कृषि विभाग में हड़कंप मच गया।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई हुई है। पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शनिवार को जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार को ₹19,000 रुपये रिश्वत लेते हुए उनके निजी आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे कृषि विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि सुधीर कुमार के पास वर्तमान में परियोजना निदेशक (आत्मा) के साथ-साथ जिले के सहायक निदेशक (शस्य) एवं तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी था। निगरानी टीम ने उन्हें रिश्वत की राशि के साथ उनके आवास से गिरफ्तार किया और इसके बाद निगरानी थाना, मुजफ्फरपुर लाकर पूछताछ शुरू की।
पढ़ें: प्रभारी पर ममता कार्यकर्ताओं ने लगाया भेदभाव का आरोप, वरीय अधिकारी से मिलकर रखी बात
मामले में पीड़ित संतोष कुमार ने बताया कि रिश्वत की बड़ी रकम चुकाने के लिए उसे अपनी जमा पूंजी के अलावा घर की कीमती वस्तुएं भी बेचनी पड़ीं। संतोष के अनुसार, 5 दिसंबर को उसने सुधीर कुमार को ₹1,81,000 रुपये की पहली किस्त दी थी। यह राशि उसने बैंक से लोन लेकर, पत्नी के गहने गिरवी रखकर और अपनी गाड़ी बेचकर जुटाई थी। इतनी बड़ी रकम देने के बावजूद आरोपी अधिकारी शेष ₹19,000 रुपये के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
इस संबंध में निगरानी विभाग के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि थाना में दर्ज शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को घूस की राशि के साथ गिरफ्तार किया गया है। उनके आवास की तलाशी भी ली जा रही है, ताकि आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों का पता लगाया जा सके। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी को लेकर पटना रवाना हो गई है, जहां उसे विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।