{"_id":"6a705cf81e1ce460c609048b","slug":"muzaffarpur-bihar-news-cyber-criminals-on-rampage-11-lakh-siphoned-off-from-three-people-in-the-blink-of-eye-police-investigate-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1376-4571028-2026-08-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: मुजफ्फरपुर में साइबर ठगों का तांडव! बंद फोन, ATM कार्ड और चोरी हुए मोबाइल से 11 लाख रुपये साफ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: मुजफ्फरपुर में साइबर ठगों का तांडव! बंद फोन, ATM कार्ड और चोरी हुए मोबाइल से 11 लाख रुपये साफ
Mon, 03 Aug 2026 07:33 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Mon, 03 Aug 2026 07:33 PM IST
सार
Bihar News: मुजफ्फरपुर में साइबर अपराधियों ने तीन अलग-अलग वारदातों में 11 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। एक मामले में रिपेयरिंग के लिए दिए गए बंद मोबाइल से पैसे उड़ा दिए गए, दूसरे में एटीएम कार्ड बदलकर 8 लाख रुपये निकाल लिए गए, जबकि तीसरे मामले में मोबाइल चोरी होते ही खाते से 94 हजार रुपये साफ कर दिए गए। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Amar Ujala
विस्तार
जिले में साइबर अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन साइबर ठगी की घटनाओं में शातिर बदमाशों ने पलक झपकते ही तीन लोगों के खातों से 11 लाख रुपये से अधिक की रकम उड़ा दी। घटनाएं इतनी तेजी से हुईं कि पीड़ितों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मामले की जानकारी मिलते ही साइबर थाना और संबंधित थानों की पुलिस जांच में जुट गई है। इन वारदातों में ठगी के अलग-अलग तरीके सामने आए हैं, जिसने आम लोगों के साथ पुलिस को भी चौंका दिया है।
विज्ञापन
रिपेयरिंग के लिए दिया बंद मोबाइल, खाते से उड़ गए 2 लाख रुपये
पहला मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरोमाइल का है। पीड़ित रामबाबू यादव का मोबाइल खराब होने पर वह उसे सर्विस सेंटर में रिपेयरिंग के लिए देने पहुंचे। बिल जमा करने के बाद जैसे ही उन्होंने मोबाइल जमा किया, बिना किसी ओटीपी साझा किए उनके बैंक खाते से अलग-अलग खातों में करीब दो लाख रुपये ट्रांसफर हो गए। सबसे हैरानी की बात यह है कि मोबाइल उस समय बंद था। पुलिस अब इस साइबर ठगी के तरीके की तकनीकी जांच कर रही है।
विज्ञापन
ATM कार्ड बदला और खाते से निकाल लिए 8 लाख रुपये
दूसरी घटना कुढ़नी थाना क्षेत्र के बड़ाकपुर निवासी मो. अनवरी अली के साथ हुई। वह एटीएम से नकदी निकालने गए थे। इसी दौरान पहले से मौजूद एक शातिर ने उन्हें बातों में उलझाकर उनका असली एटीएम कार्ड बदल दिया। कुछ ही देर बाद उनके खाते से एक के बाद एक लेनदेन कर करीब आठ लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी है।
विज्ञापन
मोबाइल चोरी होते ही खाते से उड़ गए 94 हजार रुपये
तीसरा मामला कटरा थाना क्षेत्र का है। किसान शशिभूषण सिंह बाजार से घर लौट रहे थे, तभी उनका मोबाइल चोरी हो गया। मोबाइल गायब होने के कुछ ही समय बाद साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 94 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: प्रशांत किशोर बांकीपुर विधायक; वोकल और साइलेंट- दोनों तरह के वोट से जीते
साइबर गिरोह तक पहुंचने की कोशिश में पुलिस
तीनों घटनाओं के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस अलर्ट मोड में है। साइबर थाना और संबंधित थानों की पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, डिजिटल साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।