{"_id":"686e2548b373da679f012212","slug":"muzaffarpur-bihar-news-bihar-bandi-rjd-protester-stop-the-car-of-ex-bjp-mp-and-show-the-flag-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1376-3147901-2025-07-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar Bandh: भाजपा नेत्री की गाड़ी को राजद कार्यकर्ताओं ने घेरा, पीएम मोदी और बीजेपी के खिलाफ लगाए नारे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar Bandh: भाजपा नेत्री की गाड़ी को राजद कार्यकर्ताओं ने घेरा, पीएम मोदी और बीजेपी के खिलाफ लगाए नारे
Wed, 09 Jul 2025 02:50 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Wed, 09 Jul 2025 02:50 PM IST
सार
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में भारत बंद के तहत बिहार बंद के प्रदर्शन के दौरान बीजेपी की पूर्व सांसद की गाड़ी को राजद के समर्थकों ने घेर लिया। फिर वे पीएम मोदी और बीजेपी के विरोध में नारे लगाने लगे। भाजपा नेताओं ने इसे राजद कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी करार दिया है।
विज्ञापन
राजद कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेत्री की गाड़ी रोककर लगाए गो बैक के नारे
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार बंद के दौरान मुजफ्फरपुर में राजनीतिक तनाव उस समय बढ़ गया जब राजद समर्थकों ने बीजेपी की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व सांसद रमा देवी की गाड़ी को घेर लिया। यह घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरो माइल चौक के पास की है, जहां बंद के दौरान रमा देवी की गाड़ी राजद कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गई।
विज्ञापन
‘गो बैक मोदी’ और ‘बीजेपी मुर्दाबाद’ के लगे नारे
सूत्रों के अनुसार, रमा देवी शिवहर से लौटते समय जाम में फंस गई थीं और जब उनकी गाड़ी जीरो माइल चौक के पास पहुंची, तो वहां मौजूद राजद कार्यकर्ताओं ने उन्हें पहचान लिया। देखते ही देखते कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। ‘गो बैक मोदी’, ‘बीजेपी मुर्दाबाद’ और ‘रामा देवी वापस जाओ’ जैसे नारे हवा में गूंजने लगे। राजद समर्थकों ने झंडे लहराए और बीजेपी विरोधी नारे लगाते हुए गाड़ी को आगे बढ़ने से रोक दिया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई, जब रमा देवी के साथ मौजूद सुरक्षा गार्ड गाड़ी से बाहर निकले और कार्यकर्ताओं से रास्ता देने की अपील करने लगे।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Bihar Bandh: दरभंगा में महागठबंधन का बड़ा प्रदर्शन, NH 27 और संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन का चक्का जाम
विज्ञापन
पीछे हटने को मजबूर हुई पूर्व सांसद की गाड़ी
सुरक्षा कर्मियों की कोशिश के बावजूद राजद कार्यकर्ताओं ने गाड़ी को आगे नहीं बढ़ने दिया। हालात को देखते हुए रमा देवी की गाड़ी को आखिरकार पीछे लौटना पड़ा। चश्मदीदों के अनुसार, यह पूरी घटना करीब दस मिनट तक चली, जिसके दौरान आसपास मौजूद लोग भी तमाशबीन बने रहे।
गौरतलब है कि महागठबंधन द्वारा बिहार बंद का आह्वान मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के विरोध में किया गया था, जिसे राजद, कांग्रेस और वाम दलों का समर्थन मिला। इस बंद के दौरान राजनीतिक दलों के बीच सीधे टकराव की यह पहली बड़ी घटना मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें- कटिहार बंद के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा: मिरचाईबाड़ी में राजद कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, एसपी लौटे खाली हाथ
पूर्व सांसद रमा देवी का कोई आधिकारिक बयान नहीं
घटना के बाद पूर्व सांसद रमा देवी की ओर से अब तक कोई औपचारिक बयान नहीं आया है। लेकिन स्थानीय बीजेपी नेताओं ने इसे लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए कहा है कि राजद कार्यकर्ता गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर पुलिस की कोई तैनाती नजर नहीं आई। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।