{"_id":"67cea3fc0bc1add4ea0651b6","slug":"motihari-crime-person-returning-after-offering-taraweeh-prayers-shot-dead-two-suspects-in-custody-2025-03-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar Crime: तरावीह की नमाज पढ़कर लौट रहे व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, दो संदिग्ध हिरासत में; इलाके में तनाव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar Crime: तरावीह की नमाज पढ़कर लौट रहे व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, दो संदिग्ध हिरासत में; इलाके में तनाव
Mon, 10 Mar 2025 02:04 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोतिहारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोतिहारी
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Mon, 10 Mar 2025 02:04 PM IST
सार
Motihari Crime: मोतिहारी में नमाज पढ़कर लौट रहे व्यक्ति की पहले से घात लगाए अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोग तथा परिजन
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोतिहारी जिले में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने तांडव मचाया है। यहां रामगढ़वा थाना क्षेत्र के बैरिया पंचायत स्थित आर्यानगर में देर रात तरावीह की नमाज पढ़कर लौट रहे एक व्यक्ति की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान शेख नरेन के रूप में हुई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन
तरावीह की नमाज के बाद घर लौट रहे थे शेख नरेन
जानकारी के अनुसार, शेख नरेन रोजे के महीने में तरावीह की नमाज अदा करने के बाद देर रात घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए दो अज्ञात अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर आस-पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
विज्ञापन
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस बीच मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है, जिसकी अगुवाई रक्सौल एसडीपीओ को सौंपी गई है। एसडीपीओ और रामगढ़वा थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को इकट्ठा कर रहे हैं।
विज्ञापन
दो संदिग्ध हिरासत में, आपसी दुश्मनी का शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह घटना आपसी दुश्मनी का नतीजा प्रतीत हो रही है। हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। SIT टीम द्वारा दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना की सटीक वजह जानने के लिए तकनीकी सबूतों के साथ-साथ मृतक के पारिवारिक और सामाजिक संबंधों की भी गहराई से पड़ताल की जा रही है।
अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश
मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि घटना की सूचना मिलते ही एसआईटी का गठन कर दिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। प्रथम दृष्टया यह हत्या आपसी विवाद में की गई प्रतीत होती है, लेकिन पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। जल्द ही अपराधी कानून के शिकंजे में होंगे।
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
इस जघन्य वारदात के बाद आर्यानगर और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों और मोहल्ले के अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।