Bihar News: सोनपुर मंडल में अलार्म चैन पुलिंग पर सख्ती, 127 मामले दर्ज, 116 लोग हुए गिरफ्तार; सख्त कदम
Bihar: वैशाली के सोनपुर मंडल में 01–31 दिसंबर 2025 के बीच अलार्म चैन पुलिंग के 127 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, 116 लोगों की गिरफ्तारी और 38,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
विस्तार
वैशाली जिले के अंतर्गत पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल द्वारा रेल परिचालन की सुरक्षा, समयबद्धता एवं यात्रियों की संरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अलार्म चैन पुलिंग की घटनाओं पर लगातार सख्त निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 01 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच सोनपुर मंडल में रेलवे अधिनियम की धारा 141 के अंतर्गत अलार्म चैन पुलिंग के कुल 127 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 116 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 38,300 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
पढे़ं; जीविका दीदियां अब होंगी डिजिटल उद्यमी, सोशल मीडिया से मिलेगा बाजार और मुनाफा
अलार्म चैन पुलिंग की घटनाएं न केवल रेल परिचालन को बाधित करती हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं। सोनपुर मंडल द्वारा की गई यह कार्रवाई रेलवे की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है और यह स्पष्ट संदेश देती है कि रेल सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
सोनपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल आपातकालीन परिस्थितियों में ही अलार्म चैन का प्रयोग करें तथा सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध रेल यात्रा सुनिश्चित करने में रेलवे का सहयोग करें। रेल प्रशासन ने यह भी बताया कि रेलवे सुरक्षा बल एवं रेल पुलिस द्वारा स्टेशनों, आउटर क्षेत्रों तथा ट्रेनों में लगातार विशेष निगरानी और पेट्रोलिंग की जा रही है। अलार्म चैन पुलिंग करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत सख़्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद रेल सेवाएँ प्रदान की जा सकें।