Bihar: ‘कोर्ट ने साथ दिया न पुलिस ने सुनी... फिर कट्टा खरीदकर जमीन कारोबारी को मार दी गोली’, आरोपी का कबूलनामा
Vaishali News: पुलिस ने बताया कि मोहम्मद अंसारी और उसके भाई अब्दुल्ला अंसारी ने दो साल पहले ही शब्बीर की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। मौका तलाशते हुए उन्होंने तीन मई को अपनी योजना को अंजाम दिया और वारदात के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया था।
विस्तार
वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र में हुए जमीन कारोबारी मोहम्मद शब्बीर की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी मोहम्मद अंसारी उर्फ डब्लू को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि आरोपी ने देसी कट्टा सिर्फ तीन हजार रुपये में खरीदकर वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तारी के बाद पूरे प्रकरण से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
घटना के वक्त मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे थे कारोबारी
जानकारी के मुताबिक, घटना तीन मई की शाम वैशाली नगर थाना से महज 50 मीटर दूर क्रांति चौक और थाना चौक के बीच हुई थी। जब जमीन कारोबारी मोहम्मद शब्बीर नमाज पढ़कर मस्जिद से लौट रहे थे, तभी अचानक एक हमलावर ने उन्हें गोली मार दी। शब्बीर की मौके पर ही मौत हो गई। मामला गंभीर था और घटनास्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जांच को प्राथमिकता दी।
यह भी पढ़ें- Bihar News: वर्दीधारी पुलिसकर्मियों का नर्तकी संग डांस वीडियो सामने आया; एक निलंबित, दूसरा पटना भेजा गया
चार वर्षों से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि मृतक मोहम्मद शब्बीर और उनके पड़ोसी मोहम्मद अंसारी उर्फ डब्लू तथा अब्दुल्ला अंसारी उर्फ बब्लू के बीच पिछले चार वर्षों से विवाद चल रहा था। विवाद की जड़ एक जमीन थी जिसे शब्बीर ने उस्मान कुरैशी से खरीदकर उस पर मकान बना लिया था। इस जमीन पर दावा अंसारी परिवार भी कर रहा था, जिसके कारण दोनों पक्षों के बीच 2022 में कोर्ट केस तक हुआ था।
दो साल पहले रची गई थी हत्या की साजिश
एसडीपीओ ओमप्रकाश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मोहम्मद अंसारी और उनके भाई अब्दुल्ला अंसारी ने दो साल पहले ही शब्बीर की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। मौका तलाशते हुए उन्होंने तीन मई को अपनी योजना को अंजाम दिया। वारदात के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया था, जबकि एक अन्य आरोपी अब्दुल्ला अंसारी को पुलिस ने छह मई को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
तीन हजार में खरीदा देसी कट्टा
मोहम्मद अंसारी ने सारण जिले के सोनपुर से महज तीन हजार रुपये में देसी कट्टा खरीदा था। इस हथियार को लेकर वह विशेष रूप से अपने पड़ोसी की हत्या के इरादे से आया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस के समक्ष यह स्वीकार किया कि उसने ही गोली चलाई थी। हत्या के बाद वह घटनास्थल से भाग निकला, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से भी हुई है।
सीसीटीवी से पहचान, 48 घंटे में सुलझी गुत्थी
नगर थाना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस को आरोपी की पहचान करने में मदद मिली। पुलिस ने लगातार छापामारी कर अंततः आरोपी को नागपुर, महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस मामले में नगर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- Bihar News : भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच बिहार पुलिस मुख्यालय का बड़ा आदेश, पटाखों और डीजे पर बैन
एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि वैशाली पुलिस ने इस गंभीर घटना की गुत्थी महज 48 घंटे में सुलझा ली। पुलिस की तत्परता से न केवल मुख्य अभियुक्त पकड़ा गया, बल्कि हत्या के पीछे का पूरा कारण और योजना भी सामने आ गई। प्रेस कांफ्रेंस में नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार भी मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.