Bihar News : बीच सड़क पर तलवार-चाकू से महिलाओं पर हमला, मां को बचाने आई बेटी की गई जान, कई गंभीर
Bihar Police : बिहार पुलिस का इकबाल बुलंद नहीं हो पा रहा है। मनमानी की हद टूट रही। इस बार एक समूह ने बीच रास्ते एक महिला पर चाकू-तलवार से हमला कर दिया। बेटी बचाने आई तो गला काट दिया। वारदात की जांच के लिए अब पुलिस पहुंच गई है।
विस्तार
जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर पश्चिमी गांव में शुक्रवार शाम पारिवारिक विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक युवती की चाकू और तलवार से काटकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
मृतका की पहचान पूनम देवी (पति सतीश साह) के रूप में हुई है। घायल व्यक्तियों में रामनाथ साह, उनकी पत्नी उर्मिला देवी और बेटी पूजा कुमारी शामिल हैं। चारों को आनन-फानन में राघोपुर फतेहपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए एनएमसीएच (पटना) रेफर कर दिया।
घटना का कारण और घटनाक्रम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम रामनाथ साह की पत्नी उर्मिला देवी पड़ोस में रहने वाले पन्ना लाल राय के घर से ब्लाउज लेने जा रही थीं। इसी दौरान जब वह श्यामबाबू शाह के दरवाजे के पास पहुंचीं, तभी उन पर अचानक हमला कर दिया गया।
आरोप है कि रामनाथ साह के भाई श्यामबाबू शाह, विश्वजीत शाह, गोलू शाह, प्रमिला देवी, विश्वजीत शाह का साला और गोरख शाह मिलकर तलवार, चाकू और गड़ासा से लैस होकर उर्मिला देवी पर टूट पड़े।
पढ़ें; राहुल गांधी की फोटो से छेड़छाड़ पर बवाल, भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दाखिल
जब उर्मिला देवी की बेटी पूनम उन्हें बचाने पहुंची, तो हमलावरों ने उस पर भी बेरहमी से हमला कर दिया। चाकू और तलवार के वार से पूनम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हमलावरों ने बीच-बचाव करने आए रामनाथ साह और उनकी छोटी बेटी पूजा कुमारी को भी नहीं बख्शा और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। रामनाथ साह और उनकी पत्नी उर्मिला देवी को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही जुड़ावनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय थाना अध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या और हमले के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।