Bihar News : हॉस्टल में मिली छात्रा की लाश, पुलिस ने कहा आत्महत्या; वजह भी बताई, परिजन लगा रहे हत्या का आरोप
Bihar : हॉस्टल में एक छात्रा की लाश मिलने पर पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया। फिर एक कहानी भी सुनाई। लेकिन पुलिस के इस कहानी पर मां को भरोसा नहीं। उनका कहना है कि रात में उससे अच्छी तरह से बात हुई थी। फिर ऐसा क्यों हुआ ? यह आत्महत्या नहीं, हत्या है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर के गर्ल्स हॉस्टल के एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में एक छात्रा का शव मिला। मामला मिठनपुरा थाना क्षेत्र के एक गर्ल्स हॉस्टल के कमरा संख्या 11 की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या हुई है।
पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी पहुंची
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि शिव शंकर पथ स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार शाम को एक छात्रा का संदिग्ध स्थिति में कमरे में शव मिलने की सूचना मिली। घटना की सूचना हॉस्टल के संचालक के द्वारा छात्रा के परिजनों को दी गई। घटना की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर हॉस्टल के बंद कमरे को खुलवाकर छात्रा के शव और कमरे की जांच की गई। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। घटना को लेकर परिजनों का आरोप है कि छात्रा की हत्या करके फंदे से लटका दिया गया है।
मृतका पर चोरी का लगा था आरोप
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि मृतका छात्रा मोतीपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह मई महीने से होस्टल में रह रही थी। पुलिस का यह भी कहना है कि जांच में यह भी बात सामने आई कि कुछ महीने पहले छात्रा पर दूसरी छात्रा के द्वारा चोरी का आरोप लगाया गया था, जिस वजह से अन्य छात्रा उसे चोर कह कर संबोधित करती थी।
मां ने कहा हत्या कर लटकाया गया है
घटना के संबंध में हॉस्टल में साथ रहने वाली छात्रा ने बताया कि वह क्लास करने गई थी। लोटी तो कमरा बंद था। शक होने पर खिड़की से देखा तो फंदे से लटकी हुई दिखी। इस बात की सूचना तुरंत वार्डन को दी गई। लेकिन छात्रा की माँ का कहना है कि कल रात में उससे बात हुई थी। सब ठीक-ठाक था। सुबह के बाद दिन में कॉल किया तो कोई जबाब नही मिला, तो वह आज होस्टल के संचालक के माध्यम से घटना की जानकारी मिली है। शव देख कर लगता है कि उसकी हत्या कर उसे लटका दिया गया है।