Bihar: मुजफ्फरपुर में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, छोटे भाई की जमकर पिटाई; गोली लगने की भी चर्चा
Bihar: बताया जा रहा है कि बीते 22 जुलाई को अनिल अपनी पत्नी के साथ गांव स्थित अपने पैतृक घर गया था। उसी दिन से परिवार के साथ विवाद फिर से तेज हो गया। मंगलवार को अनिल का बड़ा भाई अरविंद राय अपने दुकान के तीन स्टाफ के साथ वहां पहुंचा और अनिल के साथ मारपीट करने लगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र स्थित सुबधिया गांव में मंगलवार को पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की जमकर पिटाई कर दी। वहीं घायल युवक ने दावा किया है कि उसे जान से मारने की नीयत से गोली मारी गई, जो उसके दाहिने कंधे में लगी है। हालांकि पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला
घटना सुबधिया गांव निवासी शिवजी राय के पुत्र अनिल कुमार से जुड़ा है, जिसने करीब 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से ही उसका अपने परिवार से विवाद चल रहा था। विवाद के कारण अनिल अपनी पत्नी के साथ शहर में किराये के मकान में रहने लगा।
बताया जा रहा है कि बीते 22 जुलाई को अनिल अपनी पत्नी के साथ गांव स्थित अपने पैतृक घर गया था। उसी दिन से परिवार के साथ विवाद फिर से तेज हो गया। मंगलवार को अनिल का बड़ा भाई अरविंद राय अपने दुकान के तीन स्टाफ के साथ वहां पहुंचा और अनिल के साथ मारपीट करने लगा। अनिल का आरोप है कि मारपीट के दौरान अरविंद ने उस पर जानलेवा हमला किया और गोली चला दी, जो उसके दाहिने कंधे में जा लगी। घायल अवस्था में अनिल को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पढ़ें: देवघर बस हादसा: बिहार के बगहा की महिला की मौत, चार महिलाएं भी हुईं गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने दो लोगों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मनियारी थानाध्यक्ष देवव्रत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी अरविंद राय और उनके पिता शिवजी राय को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, पुलिस को अब तक गोली का कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी गोली चलने की बात से इनकार किया है। थानाध्यक्ष देवव्रत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद और मारपीट का लग रहा है। गोली चलने की बात संदिग्ध प्रतीत हो रही है, हालांकि घायल का इलाज चल रहा है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी बड़ा भाई अरविंद राय पहले भी एक रिश्तेदार की हत्या के मामले में आरोपित रह चुका है। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।