Bihar: दो नवविवाहिताओं की संदिग्ध मौत, घर के अंदर फंदे से लटके मिले शव; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
Muzaffarpur News: सहोदरा और मटियरिया थाने के क्षेत्रों में दो नवविवाहित महिलाओं की मौत ने इलाके में दहशत फैला दी। मायके पक्ष ने इसे हत्या बताया है, जबकि पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
पश्चिमी चंपारण जिले के सहोदरा और मटियरिया थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को दो नवविवाहित महिलाओं की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शव घर के अंदर फंदे से लटके हुए पाए गए। घटना के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है, जबकि मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया है।
पहला मामला सहोदरा थाना क्षेत्र के देवाढ़ गांव का है। यहां शंभू पटेल की छोटी बहू रानी कुमारी का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया गया। रानी की शादी महज करीब 9 महीने पहले हुई थी। परिजनों का कहना है कि रानी का वैवाहिक जीवन सामान्य चल रहा था और किसी तरह के विवाद की जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी। अचानक इस तरह मौत की खबर ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। मायके वालों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई है।
सात महीने का मासूम बच्चा भी है
दूसरा मामला मटियरिया थाना क्षेत्र के मेहनौल कला गांव से सामने आया। यहां रुकसाना खातून का शव उनके मायके से बरामद किया गया। मृतका के पिता बंहु बैठा ने बताया कि रुकसाना का निकाह नरकटियागंज निवासी यूट्यूबर जुगनू से हुआ था। दंपति का एक सात महीने का मासूम बच्चा भी है। पिता का आरोप है कि इलाज के बहाने नरकटियागंज ले जाते समय पति ने रुकसाना के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उन्होंने साफ तौर पर इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया है।
रोते-बिलखते परिजन, न्याय की गुहार
ये भी पढ़ें- Bihar News: 'भ्रष्टाचार व लापरवाही करने वालों का पीछा श्मशान तक करूंगा', डिप्टी सीएम का सख्त संदेश
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सहोदरा थानाध्यक्ष ऋतूराज जयसवाल और मटियरिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, बेतिया भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों से आवेदन प्राप्त होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक ही दिन में दो नवविवाहिताओं की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अब सभी की निगाहें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, ताकि सच सामने आ सके और पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।