Bihar News: पुलिस व शराब माफिया की गठजोड़ का मामला वायरल, 10 लाख की मांग और 3 लाख में सौदे की क्या है कहानी?
पश्चिम चंपारण के बेतिया में शराब तस्करी से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी ट्रक चालक से शराब से लदे वाहन को छोड़ने के बदले लाखों रुपये की सौदेबाज़ी करता नजर आ रहा है। चलिए जानते हैं क्या है पूरी कहानी?
विस्तार
बिहार में शराबबंदी लागू है और कानून बेहद सख़्त है, लेकिन पश्चिम चंपारण के बेतिया से सामने आई एक तस्वीर ने खाकी की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस वर्दी पर कानून के पालन और जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही वर्दी शराब तस्करों से खुलेआम सौदेबाज़ी करती नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
वायरल वीडियो में चलती ट्रक के अंदर ट्रक चालक और एक पुलिसकर्मी के बीच शराब से लदे ट्रक को छोड़ने के बदले पैसों की डील साफ़ तौर पर सुनी जा सकती है। बातचीत में पहले 10 लाख रुपये की मांग की जाती है, जो बाद में 3 लाख रुपये में तय होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 31 तारीख का है। यही वह दिन है, जब शिकारपुर थाना पुलिस ने 503 कार्टन विदेशी शराब बरामद करने का दावा करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उस दौरान पुलिस ने यह भी कहा था कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
ईमानदारी पर भी गंभीर सवाल
हालांकि अब वायरल वीडियो ने उस कार्रवाई की सच्चाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में ट्रक लौरिया टोल टैक्स के पास सड़क पर चलता नजर आ रहा है। ट्रक चालक अपने मालिक से वीडियो कॉल पर बातचीत करता दिख रहा है, जबकि बगल की सीट पर बैठा पुलिसकर्मी बेखौफ होकर सौदेबाज़ी करता सुनाई दे रहा है। यह दृश्य न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली और ईमानदारी पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
ये भी पढ़ें- Bihar: दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर भीषण जाम, 10 किमी तक थमे पहिए; वाहन चालक व यात्री भूखे-प्यासे हो रहे बेहाल
वीडियो सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम चंपारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने स्वयं जांच की कमान संभाल ली है। एसपी के अनुसार, वीडियो में दिख रहा पुलिसकर्मी 112 पुलिस वाहन का चालक राजेश कुमार है। पूरे शराब तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल संभावित पुलिसकर्मियों की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।