Bihar News: भीषण आग लगने से 9 लाख रुपये नगद सहित 65 लाख रुपये का सामान जलकर राख, ऐसे हुआ हादसा; जानें सबकुछ
Bihar: पीड़ित परिवार के मुखिया प्रकाश शर्मा ने बताया कि 9 लाख रुपये टेंट हाउस के नए सामान की खरीदारी के लिए रखे गए थे। आग लगने के कारणों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। संयोगवश, घर में रखा गैस सिलेंडर खाली था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
विस्तार
बगहा पुलिस जिले के खोडा परसा गांव में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है, जिसमें 9 लाख नगद सहित 65 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
घटना रात करीब 10:30 बजे की है, जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। अचानक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों में 9 लाख रुपये नगद, टेंट हाउस का पूरा सामान, जनरेटर, डीजे सेट, रथ, चार बाइक, ट्रैक्टर, चार बकरियां और एक मवेशी जलकर खाक हो गए।
पीड़ित परिवार के मुखिया प्रकाश शर्मा ने बताया कि 9 लाख रुपये टेंट हाउस के नए सामान की खरीदारी के लिए रखे गए थे। आग लगने के कारणों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। संयोगवश, घर में रखा गैस सिलेंडर खाली था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी। इधर, ग्रामीणों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को आर्थिक राहत मिल सके।
पढ़ें: ललन सर्राफ बोले- इतिहास में हमेशा से होते आए अपराध, रामायण में किडनैपिंग और महाभारत में था जमीन विवाद
प्रकाश शर्मा ने बताया कि आग लगने के बाद वे जैसे-तैसे कुछ जले हुए रुपये बचाने में सफल रहे, लेकिन अधिकांश राशि और सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही पीड़ित परिवार को सहायता प्रदान की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है, और सभी ने परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।