Bihar: शॉर्ट सर्किट से लगी आग में 10 घर जलकर हुए राख, 16 लाख से अधिक का हुआ नुकसान; बचाव के लिए जुटा प्रशासन
Bihar: प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवारों को सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत प्रदान की जाएगी।
विस्तार
शिवहर नगर परिषद के वार्ड 13 खैरवा दर्प रामपुर टोला में गुरुवार शाम भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसमें लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। बताया जा रहा है कि चुन्नु बैठा के घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की तार से निकली चिंगारी ने आग का विकराल रूप ले लिया। पछुआ हवा के तेज झोंकों ने आग को और भड़का दिया, जिससे 10 घर जलकर खाक हो गए।
शादी की तैयारियां बनीं नुकसान की वजह
गांव में कई घरों में शादी की तैयारियां चल रही थीं, जिसके कारण बड़ी मात्रा में कीमती सामान, गहने, अनाज, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक और अन्य वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। इस अग्निकांड में 16 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और पीड़ित परिवारों में मायूसी छा गई है।
पढ़ें: बिहार में पहली बार हो रहे विश्व कप में भारत ने न्यूजीलैंड को हराया, सेपकटेकरा गेम्स खेल रहे 20 देश
एक घंटे में पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मी पिंटू कुमार ने बताया कि दो दमकल गाड़ियों और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर एक घंटे में काबू पा लिया गया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि दमकल के पहुंचने में देरी हुई और एक गाड़ी में पानी नहीं था, जिससे आग बुझाने में मुश्किलें आईं।
इन परिवारों के घर हुए प्रभावित
इस अग्निकांड में चुन्नू बैठा, मुकुंद बैठा, भाभी खान बैठा, संतोष बैठा, लड्डू बैठा, बृजेश बैठा और सुकून बैठा सहित कई परिवारों के घर जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना पर नगर परिषद के सभापति राजन नंदन सिंह, बीडीओ दीक्षा भगत और सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन ने शुरू की सहायता प्रक्रिया
प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवारों को सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत प्रदान की जाएगी।