बिहार: मधुबनी में बाबूबरही लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, तीन देसी कट्टों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
मधुबनी पुलिस ने बाबूबरही लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 2.36 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल, तीन देसी कट्टे, 28 किलो गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
विस्तार
मधुबनी में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार सख्त नजर आ रहे हैं। जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बाबूबरही लूटकांड का 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन देसी कट्टों के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लदनिया थाना क्षेत्र निवासी स्व. फौजी मंडल के पुत्र राजकुमार मंडल, संजय साफी के पुत्र करण साफी, संजय राम के पुत्र विजय कुमार राम और दीपक सहारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के 2 लाख 36 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, तीन देसी कट्टे, 28 किलो गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पढ़ें: बिहार में 12 नई औद्योगिक इकाइयों को मंजूरी, 2,500 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना
वरीय पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि जिले में किसी भी प्रकार के अपराध, अवैध हथियार, शराब और मादक पदार्थों के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जब तक वह मधुबनी में पदस्थापित रहेंगे, तब तक अपराधियों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। एसएसपी ने आम जनता से भी अपील की कि अपराध से जुड़ी किसी भी सूचना को निर्भीक होकर पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।