बिहार: शादी के लिए पत्नी-बच्चों के साथ घर आया था युवक, गंगा में डूबने से मौत; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मुंगेर में छोटे भाई की शादी में शामिल होने आए 37 वर्षीय राजेश सहनी की गंगा में डूबने से मौत हो गई। 9 दिसंबर को शादी होनी थी, लेकिन हादसे के बाद परिवार ने समारोह स्थगित कर दिया।
विस्तार
मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र स्थित लल्लू पोखर कंकड़ घाट पर गंगा में डूबने से 37 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लल्लू पोखर कंकड़ घाट निवासी स्व. राजू सहनी के पुत्र राजेश सहनी के रूप में हुई है। वह अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होने के लिए पत्नी और बच्चों के साथ दूसरे राज्य से घर आए थे। आगामी 9 दिसंबर को उनके छोटे भाई की शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। इसी बीच हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
मृतक के छोटे भाई निहाल कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे राजेश बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। घर के पास स्थित गंगा घाट पर खोजबीन के दौरान उनका चप्पल और कपड़ा मिला। घाट पर स्नान कर रहे लोगों ने बताया कि राजेश दोपहर में गंगा में स्नान कर रहे थे।
इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने नदी में उनकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उसी स्थान पर पानी के अंदर राजेश का शव मिला। उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर कासिम बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
छोटे भाई की शादी की खुशियां मातम में बदलीं
निहाल कुमार ने बताया कि 9 दिसंबर को उनकी शादी होनी थी। इसे लेकर घर में रिश्तेदार जुटे हुए थे और तैयारियां चल रही थीं। घटना की जानकारी लड़की पक्ष को दी गई। परिवार की दुखद परिस्थिति को देखते हुए शादी समारोह स्थगित कर दिया गया और इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई।
परिजनों के अनुसार, राजेश दूसरे राज्य में रहकर मजदूरी करते थे। उनके परिवार में पत्नी अर्चना देवी, 10 वर्षीय बेटी अन्नू कुमारी, 5 वर्षीय बेटी अनुष्का कुमारी, 7 वर्षीय बेटा अनुराग और 3 वर्षीय बेटा कार्तिक कुमार हैं। हादसे के बाद मां उर्मिला देवी, भाई निहाल कुमार, बहन सोनी कुमारी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कासिम बाजार थानाध्यक्ष रुबिकान्त कच्छप ने बताया कि गंगा में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
