भीड़ हिंसा: बिहार में एक हफ्ते में 6 लोगों की हुई पीट-पीटकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में भीड़ हिंसा द्वारा लोगों की पीट-पीटकर हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में बिहार फिलहाल नंबर एक पर है। यहां भीड़ को न तो पुलिस का खौफ है और न ही लोगों के बीच मानवता और दया ही बची है। वो तो बस ऑन द स्पॉट सजा देने में लगे हैं, चाहे आरोपी दोषी हो या न हो। ये भीड़ किसी की सुनती नहीं और क्रूरता की सारी हदें पार कर लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर देती है। हैरानी की बात तो ये है कि इस दौरान लोग वहां खड़े होकर लोगों की मौत का तमाशा देखते हैं और वीडियो बनाने में लगे रहते हैं।
ताजा घटनाओं की बात करें तो बिहार में पिछले एक हफ्ते में भीड़ ने छह लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर ऑन द स्पॉट सजा दी है। ये हिंसक भीड़ अब पुलिस-प्रशासन से शिकायत करने की भी जहमत नहीं उठाती। हालांकि कोई अगर पुलिस को मामले की जानकारी दे भी देता है तो पुलिस के घटनास्थल तक पहुंचते-पहुंचते भीड़ अपना 'क्रूर न्याय' कर चुकी होती है।
ताजा मामला बिहार के सासाराम का है, जहां रेलवे स्टेशन के पास भीड़ ने सरेआम एक लुटेरे को पीट-पीटकर मार डाला। दरअसल, कुछ लुटेरे एक रेलवे बुकिंग क्लर्क से 25 लाख रुपये लूटकर भाग रहे थे। इस दौरान उन्होंने फायरिंग भी की, जिसमें एक महिला को गोली लग गई। गोली की आवाज सुनते ही लोग बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए, जिसके बाद लुटेरे वहां से भागने लगे। कुछ लुटेरे तो मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन एक लुटेरा भीड़ के हत्थे चढ़ गया। फिर क्या, भीड़ ने ऑन द स्पॉट सजा दे दी।
चोरी की अफवाह में युवक ने गंवाई जान
सीतामढ़ी जिले का भी कुछ ऐसा ही हाल है, जहां चोरी की अफवाह में लोगों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, युवक किसी काम से सीतामढ़ी जा रहा था, इसी बीच एक पिकअप चालक ने चोर-चोर का शोर मचाया, जिसके बाद लोगों ने आव देखा न ताव युवक को पकड़ लिया और उसपर इतने लाठी-डंडे बरसाए कि उसकी मौत हो गई।
डायन के शक में महिला को ऑन द स्पॉट सजा
तीसरी घटना रोहतास जिले की है, जहां भीड़ ने डायन होने के शक में एक महिला को इतना पीटा कि उसकी जान चली गई। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि लोग की भीड़ महिला पर लाठी-डंडों की बारिश कर रही थी। इस दौरान महिला उनसे छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी और उसे तब तक पीटते रहे जब तक कि उसकी जान न चली गई।
एक साथ तीन अपराधियों की भीड़ ने ली जान
बेगूसराय में स्कूल में घुसकर एक छात्रा का अपहरण कर रहे तीन अपराधियों को भीड़ ने ऑन द स्पॉट सजा देते हुए उन्हें मौत की नींद सुला दिया, जबकि तीनों अपराधी हथियारों से लैस थे। लेकिन भीड़ का वो खौफनाक चेहरा हथियारबंद अपराधियों पर भी भारी पड़ गया और उन्हें अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।
कब थमेगा भीड़ का ये क्रूर न्याय?
भीड़ का ये क्रूर न्याय आखिर कब थमेगा, ये सबसे बड़ा सवाल है। पिछले महीने ही शीर्ष अदालत ने गोरक्षा के नाम पर हिंसा और भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या के मामलों में कई दिशा-निर्देश जारी किए थे। न्यायालय ने सरकार से कहा था कि इस तरह की घटनाओं से सख्ती से निपटने के लिये वह नया कानून बनाने पर विचार करे, क्योंकि 'भीड़तंत्र की भयावह हरकतों' को कानून पर हावी नहीं होने दिया जा सकता।