अपने विधायकों की इस हरकत पर चढ़ा लालू का पारा, दी नसीहत
कभी अपने और पत्नी के राज में बिहार को जंगलराज की संज्ञा मिलने से संभले लालू यादव ताजा दौर में बिल्कुल फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। यही कारण है कि सत्ता की शुरूआत में ही वह अपने कार्यकर्ताओं और विधायकों को पेंच कसने में लगे हुए हैं।
एक दिन पहले विधायकों की बैठक में लालू यादव ने सरकारी आवास के लिए हाथापाई करने वाले विधायकों को कड़ी नसीहत देते हुए दोबारा ऐसा न होने की चेतावनी दी।
लालू के बेटे और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी विधायकों की कड़ी क्लास लगाते हुए उनसे अनुशासनात्मक व्यवहार करने को कहा, जिससे महागठबंधन में पार्टी का सम्मान बना रहे।
दी नसीहत, सरकारी अधिकारियों से न उलझें कार्यकर्ता
इकॉनामिक टाइम्स की खबर के अुनसार लालू यादव का यह बयान तब सामने आया जब उन्हें पता चला था कि कुछ विधायकों ने उन्हें मिलने वाले सरकारी आवासों के बाहर अपने नाम की नेम प्लेट टांग दी है।
इस पर भड़के लालू यादव ने विधायकों की बैठकर उन्हें नसीहत दी। लालू ने खुद का उदाहरण देते हुए कहा वह खुद मुख्यमंत्री बनने के बाद चार महीने तक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए बने मकान में रहे थे।
लालू ने अपने साथियों को नसीहत भी दी कि वह किसी भी सरकारी अधिकारी से न उलझें और उन्हें किसी प्रकार से तंग न करें। वहीं तेजस्वी यादव का पूरा भाषण विकास योजनाओं को लागू करने और राजद की साफ सुथरी छवि बनाने पर रहा।