'लालू ऐसे हनुमान जो अपनी लंका में खुद लगाएंगे आग'
बिहार में चुनावी शंखनाद के साथ ही राजनीतिक छींटाकशी का दौर शुरू हो चुका है। कभी कोई किसी को विभीषण कहता है तो कोई किसी को रावण। पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने अब राजद अध्यक्ष लालू यादव को ऐसा हनुमान कहा है जो अपनी पूंछ से अपनी ही लंका में आग लगा देगा।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार सुशील मोदी ने यह टिप्पणी राजद सुप्रीमो की जातिगत आंकडे जारी करने की मांग को लेकर सोमवार को निकाली गई रैली के संबंध में की।
बिहार में एनडीए के मुख्यमंत्री पद के दावेदार मोदी ने कहा कि लालू एक ऐसे हनुमान हैं जो बिना किसी उद्देश्य के अपनी पूंछ लेकर आग के आसपास घूम रहे हैं। इस तरह वह खुद की लंका में आग लगा देंगे।
भाजपा भी जातिगत आंकड़े जारी करने के पक्ष में
वहीं जनगणनना के जातिगत आंकड़े जारी करने के संबंध में उनका कहना था कि भाजपा खुद ये आंकड़े जारी करने के पक्ष में है। लेकिन अभी यह अभी पूरे देश से एकत्र और संसोधित किए जा रहे हैं।
इसलिए इसमे अभी कुछ समय लग सकता है। सरकार ने अगर जनगणनना में इसका प्रावधान किया है तो यह आंकड़े जनता के सामने भी जरूर आएंगे। मोदी 'जनता के दरबार में पूर्व उप मुख्यमंत्री' कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
मोदी ने बताया कि अभी पूर्वी बिहार के रोहतास और ईस्ट चंपारण जिले में जातिगत आंकडों के ड्राफ्ट पब्लिकेशन का काम चल रहा है। जबकि अन्य 11 जिलों में यह अभी 15 दिन पहले पूरा हुआ है। इसके बाद इन पर आपत्तियां मांगी जाएंगी जिसके बाद सारे डाटा को अंतिम प्रकाशन से पूर्व एक बार और जांचा जाएगा।