Khakee...The Bihar Chapter का क्षेत्र गरम : मंत्री अशोक चौधरी ने नीतीश के MLA को खड़े-खड़े चेताया
Minister warned his party MLA : जदयू कोटे के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने शेखपुरा जिले के बरबीघा विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक सुदर्शन कुमार को खड़े-खड़े चेता दिया है। जता दिया है कि उन्हें विधायक बनवाना उनकी भूल थी।
विस्तार
'खाकी: द बिहार चैप्टर' का क्षेत्र शेखपुरा फिर गरम है। राजनीतिक कारण से ही। इस वेब सिरीज के सारे कैरेक्टर का बैकग्राउंड अगर पता हो तो कहानी आप खुद समझ जाएंगे। फिलहाल खबर यह है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ चलने वाले जदयू कोटे के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने शेखपुरा जिले के बरबीघा विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक सुदर्शन कुमार को खड़े-खड़े चेता दिया है। याद दिलाया है कि उन्हें कांग्रेस से भी विधायक का टिकट उन्होंने ही दिया था और जदयू में आए तो यहां भी टिकट दिलाया। बता दिया है कि मंत्री अशोक चौधरी के लोग वर्तमान विधायक से खफा हैं। उन्हें इज्जत नहीं मिलना अच्छी बात नहीं है। और, कुल मिलाकर जता दिया है कि उन्हें विधायक बनवाना उनकी भूल थी।
कभी अखाड़े में साथ उतरे थे अशोक-सुदर्शन
मंत्री अशोक चौधरी ने शेखपुरा में एक जनसभा के दौरान गुरुवार को विधायक सुदर्शन कुमार पर आरोप लगाया कि सात साल से उनके सहयोगी और समर्थक पूरी तरह से असहज महसूस कर रहे। सम्मान नहीं मिल रहा है। उनका मनोबल टूट रहा। बरबीघा के विधायक सुदर्शन कुमार कई पार्टियों से चुनाव लड़ चुके हैं। 2010 में जब JDU के गजानंद शाही बरबीघा से जीते थे तब कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अशोक चौधरी दूसरे और लोजपा प्रत्याशी के रूप में सुदर्शन कुमार तीसरे नंबर पर रहे थे। 2015 में सुदर्शन कुमार ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीता। तब कांग्रेस की कमान राज्य में अशोक चौधरी के पास थी। बाद में अशोक चौधरी जदयू में आए गए। सुदर्शन 2020 में जदयू के टिकट पर विधायक बने।