फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   magadh medical college junior doctors strike hostel demand emergency services opd closed gaya hospital news

Bihar News: हॉस्टल की मांग पर जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल, मगध मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी सेवा भी ठप

Sun, 07 Jun 2026 01:43 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया Published by: अमर उजाला ब्यूरो Updated Sun, 07 Jun 2026 01:43 PM IST
सार

गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गईं। पहले दिन ओपीडी बंद रहने के बाद दूसरे दिन इमरजेंसी सेवा भी बाधित हो गई।

विज्ञापन
magadh medical college junior doctors strike hostel demand emergency services opd closed gaya hospital news
मगध मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विज्ञापन

अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा, जिसका सीधा असर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा। पहले दिन ओपीडी सेवा ठप रहने के बाद दूसरे दिन इमरजेंसी सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हो गईं। अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि कई गंभीर मरीजों को भी समय पर इलाज नहीं मिल सका और उन्हें दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ा।

ओपीडी और इमरजेंसी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लटका ताला

आंदोलन के दौरान अस्पताल के ओपीडी और इमरजेंसी रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद रहे। जूनियर डॉक्टर इमरजेंसी के मुख्य गेट पर धरने पर बैठे रहे और अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। डॉक्टरों के आंदोलन के कारण अस्पताल की नियमित व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। जानकारी के अनुसार, दूसरे दिन करीब 50 मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती नहीं किया जा सका। वहीं पिछले दो दिनों में लगभग 3000 मरीज बिना इलाज कराए ही वापस लौट गए।

विज्ञापन

हॉस्टल की मांग को लेकर आंदोलन पर अड़े जूनियर डॉक्टर

जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में उनके रहने के लिए पर्याप्त हॉस्टल सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्हें बाहर किराये के मकानों में रहना पड़ता है, जिससे पढ़ाई और प्रशिक्षण दोनों प्रभावित हो रहे हैं। डॉक्टरों का आरोप है कि वर्ष 2022 से लगातार हॉस्टल निर्माण और आवंटन की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

कॉलेज प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप

आंदोलन कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि उन्होंने कई बार कॉलेज प्रशासन और प्राचार्य के समक्ष अपनी मांगें रखीं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। मांगों के समाधान में लगातार देरी होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

प्राचार्य कार्यालय में भी जड़ा ताला

जूनियर डॉक्टरों का आक्रोश इतना बढ़ गया कि उन्होंने अस्पताल परिसर के साथ-साथ प्राचार्य कार्यालय में भी ताला जड़ दिया। डॉक्टरों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक हॉस्टल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

अस्पताल अधीक्षक ने जताई चिंता

अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार अग्रवाल ने कहा कि जूनियर डॉक्टरों की मांगें कॉलेज प्रशासन से संबंधित हैं, लेकिन इसके कारण मरीजों की चिकित्सा सेवाएं प्रभावित होना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कई गंभीर मरीज इलाज के बिना लौटने को मजबूर हो रहे हैं, जो चिंता का विषय है। प्रशासन की ओर से डॉक्टरों को समझाने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

मरीजों और परिजनों की बढ़ी मुश्किलें

इमरजेंसी और ओपीडी सेवाएं प्रभावित होने से दूर-दराज से इलाज के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कई मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजा गया, जबकि कुछ लोग बिना इलाज कराए ही घर लौट गए। फिलहाल अस्पताल प्रशासन और जूनियर डॉक्टरों के बीच बातचीत की उम्मीद बनी हुई है, लेकिन जब तक कोई समाधान नहीं निकलता, तब तक अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहने की आशंका बनी हुई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed