{"_id":"6a4f8cd08829b211120ff455","slug":"gaya-government-school-teacher-thrashed-with-slippers-by-students-family-today-bihar-news-gaya-news-c-1-1-noi1233-4482629-2026-07-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: पास कराने का लालच, चुप रहने का दबाव, मासूम की जुबान खुली तो स्कूल पहुंचा गांव; जानें मामला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: पास कराने का लालच, चुप रहने का दबाव, मासूम की जुबान खुली तो स्कूल पहुंचा गांव; जानें मामला
Thu, 09 Jul 2026 06:28 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया जी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया जी
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 09 Jul 2026 06:28 PM IST
सार
Crime: गया के आमस स्थित एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक पर छात्रा से कथित छेड़छाड़ का आरोप लगा। आक्रोशित परिजनों ने स्कूल पहुंचकर शिक्षक की चप्पलों से पिटाई की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
अपराध
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गया जी जिले के आमस प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय हरिहरपुर में एक छात्रा की शिकायत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया। शिक्षक पर परीक्षा में पास कराने का लालच देकर छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। छात्रा ने जब अपनी मां को पूरी घटना बताई तो परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। इसके बाद विद्यालय परिसर में हंगामा हुआ और आरोपी शिक्षक की चप्पलों से पिटाई कर दी गई। फिलहाल मामला पुलिस जांच के अधीन है और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
बेटी ने मां को बताई पूरी बात
शेरघाटी अनुमंडल के आमस प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय हरिहरपुर में पढ़ने वाली तीसरी कक्षा की एक छात्रा ने अपनी मां को बताया कि स्कूल के शिक्षक पंकज उसके साथ अशोभनीय हरकत करते थे। आरोप है कि शिक्षक ने उसका हाथ पकड़ने के साथ उसे किसी से कुछ नहीं बताने की हिदायत दी और परीक्षा में पास कराने का लालच भी दिया। छात्रा के खुलासे के बाद परिवार के लोग हैरान रह गए।
विज्ञापन
स्कूल छोड़ने की जिद के बाद खुला मामला
पीड़ित छात्रा की मां के अनुसार, उनकी बेटी कुछ दिनों से स्कूल जाने से मना कर रही थी। परिवार जब लगातार कारण पूछता रहा तो उसने रोते हुए पूरी घटना बताई। मां का आरोप है कि शिक्षक परीक्षा में पास कराने की बात कहकर उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करता था। बेटी के बयान के बाद परिजन तुरंत ग्रामीणों के साथ विद्यालय पहुंच गए।
विज्ञापन
तीन छात्राओं से कथित हरकत का आरोप
परिजनों का दावा है कि केवल एक नहीं, बल्कि तीन छात्राओं ने शिक्षक पर इसी तरह की हरकत करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और छात्राओं व संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पढ़ें: 'लड़ाई में नहीं प्रशांत किशोर, दुकान चलाने के लिए बांकीपुर में उतरे'- चौधरी के तीखे बोल
विद्यालय में हंगामा, शिक्षक की हुई पिटाई
ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर शिक्षक से जवाब मांगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान शिक्षक लोगों के सामने माफी मांगता दिखाई दिया। इसके बावजूद गुस्साए ग्रामीणों ने उसकी चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो इलाके में तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।
भाजपा नेता ने कार्रवाई की मांग की
भाजपा नेता रविन्द्र शर्मा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि सरकारी विद्यालय के एक शिक्षक पर बच्ची के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर और निंदनीय मामला है। पुलिस जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस जांच जारी, कार्रवाई का इंतजार
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आमस थाना पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज होने और पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा थी। प्रशासन का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।