{"_id":"689eae72d0720f5ebb022905","slug":"bihar-news-state-congress-chief-slams-disenfranchisement-of-6-564-million-voters-calls-it-loot-of-votes-2025-08-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का बड़ा बयान, 65.64 लाख वोटरों को मताधिकार से वंचित करना वोटों की 'डकैती'","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का बड़ा बयान, 65.64 लाख वोटरों को मताधिकार से वंचित करना वोटों की 'डकैती'
Fri, 15 Aug 2025 09:20 AM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Fri, 15 Aug 2025 09:20 AM IST
सार
बिहार में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में 65.64 लाख वोटरों को मताधिकार से वंचित करना वोटों की चोरी नहीं, बल्कि सीधी-सीधी डकैती है।
विज्ञापन
बिहार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने SIR को लेकर बड़ा बयान दिया है। गुरुवार देर शाम आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि SIR के बहाने बिहार में 65.64 लाख वोटरों को मताधिकार से वंचित करना वोटों की चोरी नहीं, बल्कि सीधी-सीधी डकैती है। उन्होंने कहा कि इस डकैती के खिलाफ कांग्रेस पार्टी का विरोध और आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।
विज्ञापन
राजेश कुमार ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि SIR में गड़बड़ी के जिन सवालों को हमारी पार्टी और हमारे नेता राहुल गांधी उठा रहे हैं, उनका जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए लेकिन आयोग चुप है। इसके उलट भाजपा नेता आयोग के प्रवक्ता बनकर हमारे सवालों के उल्टे-सीधे जवाब दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि SIR के नाम पर वोटरों का अधिकार छीने जाने के विरोध और मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित करने के लिए इंडी गठबंधन 17 अगस्त से राज्यव्यापी 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरू करेगा। यह यात्रा रोहतास जिले के सासाराम से शुरू होगी। इसमें इंडी अलायंस के सभी 6 घटक दल राजद, भाकपा, माकपा, भाकपा माले, वीआईपी और कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
विज्ञापन
राजेश कुमार ने कहा कि यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से चलकर औरंगाबाद पहुंचेगी, जहां रमेश चौक पर राहुल गांधी और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जनसभा को संबोधित करेंगे। यात्रा का रात्रि विश्राम कुटुम्बा प्रखंड के बभंडीह स्पोर्ट्स ग्राउंड में होगा। 18 अगस्त को अम्बा चौक पर सभा के बाद यात्रा तेलहारा, पाताल गंगा, देव बाइपास रोड, पुराना थाना मोड़ होते हुए देव पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी देव सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद यात्रा शिवगंज, वार बाजार होते हुए रफीगंज पहुंचेगी और फिर गया जिले में प्रवेश करेगी। औरंगाबाद में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Bihar: सीवान में 'वोट चोरी' के खिलाफ कांग्रेस का मशाल जुलूस, राहुल गांधी 29 अगस्त को पहुंचेंगे
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा चुनावी नहीं है। इसमें केवल वोटरों के अधिकार की बात होगी, कोई चुनावी वादा नहीं किया जाएगा। SIR के नाम पर हो रहे खेल को उजागर किया जाएगा और मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के चुनाव बहिष्कार संबंधी बयान पर राजेश कुमार ने कहा कि ऐसा निर्णय इंडी अलायंस की को-ऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में ही लिया जा सकता है फिलहाल ऐसा होने की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि इंडी अलायंस के सभी छह घटक दलों के बीच सीट शेयरिंग पर सहमति बन चुकी है, केवल औपचारिक घोषणा बाकी है, जो वोटर अधिकार यात्रा के बाद की जाएगी। प्रेसवार्ता में औरंगाबाद सदर विधायक आनंद शंकर सिंह, कांग्रेस की औरंगाबाद जिला कमिटी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, मृत्युंजय कुमार सिंह, अरविंद शर्मा, शैलेंद्र कुमार दूबे उर्फ शैलू दूबे, चुलबुल सिंह, धीरेंद्र सिंह, रामपति राम, रामनरेश पांडेय, राशिद अली खान और महिला नेत्री गायत्री देवी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।