{"_id":"6a119c4b12c6a4a93305ea3f","slug":"bihar-news-jehanabad-the-prime-ministers-appeal-has-no-effect-on-the-deputy-chief-minister-of-bihar-and-has-become-a-topic-of-discussion-gaya-news-c-1-1-noi1378-4314018-2026-05-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: PM मोदी की अपील बेअसर? जहानाबाद में डिप्टी CM के 200 गाड़ियों वाले काफिले ने खड़े किए सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: PM मोदी की अपील बेअसर? जहानाबाद में डिप्टी CM के 200 गाड़ियों वाले काफिले ने खड़े किए सवाल
Sat, 23 May 2026 07:30 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जहानाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जहानाबाद
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sat, 23 May 2026 07:30 PM IST
सार
Bihar: जहानाबाद में सिंचाई परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी का भारी काफिला चर्चा का विषय बन गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने और सादगी अपनाने की अपील के बीच करीब 200 वाहनों का काफिला सवालों के घेरे में आ गया है।
विज्ञापन
डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी पर देखने को नहीं मिल रहा है। जहानाबाद में एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के काफिले में बड़ी संख्या में गाड़ियां देखी गईं, जो प्रधानमंत्री की अपील पर भारी पड़ती नजर आईं।
विज्ञापन
पीएम मोदी ने की थी ईंधन बचाने की अपील
बताया जा रहा है कि देश में मांग के अनुसार पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इस स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले में कटौती करते हुए आम लोगों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की थी। प्रधानमंत्री की इस अपील के बाद बिहार के कई नेताओं और मंत्रियों ने सादगी का संदेश देते हुए ई-रिक्शा, साइकिल और ट्रेन से यात्रा की थी। वहीं, सम्राट चौधरी के पैदल कार्यालय पहुंचने की भी चर्चा हुई थी।
विज्ञापन
जहानाबाद में उपमुख्यमंत्री का बड़ा काफिला बना चर्चा का विषय
शनिवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी जहानाबाद पहुंचे। इस दौरान उनके काफिले में करीब 200 गाड़ियां शामिल थीं। काफिले में नेताओं, अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के वाहन शामिल थे। इस जुलूस में ऊंट और घोड़े भी मौजूद थे, जिसे कई लोगों ने शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा। भारी संख्या में वाहनों के साथ निकला यह काफिला इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
विज्ञापन
काफिले पर सवाल, लेकिन डिप्टी सीएम ने नहीं दिया जवाब
जब उपमुख्यमंत्री से काफिले में शामिल भारी संख्या में वाहनों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई का लाभ देने के लिए नहर परियोजना की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पहले से मौजूद नहर बंद हो गई थी, जिसे दोबारा चालू किया जाएगा। साथ ही कृषि कार्यों के आवागमन के लिए पुलिया और सड़क निर्माण भी कराया जाएगा।
सिंचाई परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे डिप्टी सीएम
दरअसल, उपमुख्यमंत्री शनिवार को पनहद्दा पंचायत के नौगढ़ गांव में सिंचाई विभाग की पुनर्वासन एवं संपोषण योजना के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत नहरों का पुनर्स्थापन किया जाएगा और किसानों के आवागमन के लिए पुलिया बनाई जाएंगी। इससे किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी और कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी।
ये भी पढ़ें: 'मैं विजय सिन्हा नहीं, विजय बिहारी', भाजपा प्रशिक्षण शिविर में कृषि मंत्री के बयान ने बटोरी सुर्खियां
लोगों के बीच शुरू हुई चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से सादगी और ईंधन बचत को अपनाने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने और छोटी दूरी के लिए वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल करने का आग्रह किया था। ऐसे में उपमुख्यमंत्री के बड़े काफिले को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।