Bihar: निरीक्षण के दौरान टाउन सीओ समेत कई अधिकारी अनुपस्थित, DM ने वेतन बंद कर मांगा स्पष्टीकरण; बड़ी कार्रवाई
Bihar: अधिकांश लोगों ने शिकायत में कहा कि राजस्व कर्मचारी अपने हल्का या अंचल कार्यालय में नहीं मिलते और कॉल भी रिसीव नहीं करते। डीएम ने अंचलाधिकारी नगर को कड़ा निर्देश दिया है कि राजस्व कर्मचारी अपने रोस्टर के अनुसार हल्का एवं अंचल कार्यालय में समय पर उपस्थित रहें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने आज सुबह 10:30 बजे प्रखंड कार्यालय सदर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अंचल कार्यालय, बाल विकास परियोजना कार्यालय, प्रखंड कृषि कार्यालय, सांख्यिकी कार्यालय सहित अन्य विभागों के कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
अंचल कार्यालय के निरीक्षण में अंचलाधिकारी नगर के साथ राजस्व कर्मचारी, प्रधान लिपिक रीता कुमारी, उच्च लिपिक श्याम दास, अशोक कुमार सिंह, निम्न लिपिक शिव शंकर दास, मंजीत कुमार, उर्दू अनुवादक मो० रामदास अहमद, अमीन सहित 2 कार्यालय परिचारी अनुपस्थित थे।
डीएम ने आरटीपीएस काउंटर पर जाकर कर्मियों से कामकाज की जानकारी ली और आवेदन प्रक्रिया को स्पष्ट करने के लिए आवश्यक जानकारी काउंटर पर चिपकाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, पिछले सप्ताह आरटीपीएस पर प्राप्त और निपटाए गए आवेदन की भी जांच की गई।
बाल विकास परियोजना कार्यालय में सीडीपीओ सदर अनुपस्थित मिले। प्रखंड कृषि कार्यालय, सांख्यिकी कार्यालय, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी कार्यालय समेत अन्य कई कार्यालयों में भी कई पदाधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी रंजीत सवर्था, प्रखंड सांख्यकी पदाधिकारी अशोक कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी छोटे लाल चौधरी, मनरेगा प्रोग्राम पदाधिकारी जय प्रकाश कुमार, मनरेगा के कनिष्ठ अभियंता समेत अन्य शामिल हैं। डीएम ने सभी अनुपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है और अगले आदेश तक उनका वेतन बंद करने का निर्देश दिया है।
पढ़ें: नवादा में शादी समारोह के दौरान विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या; बारातियों पर हमला और शादी का मंडप तोड़ा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रखंड कार्यालय में आए आवेदकों की समस्याएं भी सुनीं। अधिकांश लोगों ने शिकायत में कहा कि राजस्व कर्मचारी अपने हल्का या अंचल कार्यालय में नहीं मिलते और कॉल भी रिसीव नहीं करते। डीएम ने अंचलाधिकारी नगर को कड़ा निर्देश दिया है कि राजस्व कर्मचारी अपने रोस्टर के अनुसार हल्का एवं अंचल कार्यालय में समय पर उपस्थित रहें और रोस्टर कार्यालय नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाए।
डीएम ने सभी जिला, अनुमंडल, प्रखंड और पंचायत के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आदेश दिया है कि वे अपने कार्यालय में निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें ताकि जनता के कार्यों का शीघ्र निपटारा हो सके। कार्यालय समय पर न पहुंचने की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।