Bihar News : औरंगाबाद के देव में पातालगंगा मठ की 33.77 एकड़ भूमि पर बनेगा मेडिकल कॉलेज, 400 करोड़ की स्वीकृति
Medical College Hospital : बिहार के औरंगाबाद में 430 बेड के मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की तैयारी अब जमीन पर आ गई है। मेडिकल कॉलेज के निर्माण के बाद जिले के मरीजों को उच्च चिकित्सा जांच हेतु जिले से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
विस्तार
औरंगाबाद में चिर प्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज खुलने का सपना साकार होने जा रहा है। प्रगति यात्रा पर पिछले माह 11 फरवरी को औरंगाबाद आए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा देव में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा अब धरातल पर उतरने जा रही है। राज्य सरकार ने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण के लिए 400 करोड़ 29 लाख की राशि की स्वीकृत दी है। साथ मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए पातालगंगा मठ की 33.77 एकड़ भूमि चिन्हित की है। यह जानकारी औरंगाबाद के उप विकास आयुक्त अभ्येंद्र मोहन सिंह ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज के लिए चयनित भूमि पर इलाके के लोगों की मौजूदगी में ऑन स्पॉट प्रेसवार्ता में दी।
इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज, रिंग रोड एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। बताया कि औरंगाबाद में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण के लिए बिहार सरकार ने 400 करोड़ 29 लाख की राशि की स्वीकृत दे दी है। इसके लिए कुल 33.77 एकड़ भूमि भी चिन्हित की गई है। यह मेडिकल कॉलेज औरंगाबाद जिला मुख्यालय से 16 किमी की दूरी पर एसएच-101 मुख्य सड़क एवं प्रस्तावित देव रिंग रोड पर अवस्थित होगा। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की क्षमता 430 बेड होगी। मेडिकल कॉलेज के निर्माण के बाद जिले के मरीजों को उच्च चिकित्सा जांच हेतु जिले से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं देव रिंग रोड कई महत्वपूर्ण पथों से जुड़ा है। रिंग रोड के निर्माण से एनएच-19, एनएच-139, अम्बा, बालूगंज, मदनपुर और औरंगाबाद से देव आना-जाना सुगम हो जाएगा एवं सुलभ संपर्क बढ़ जाएगा।
रिंग रोड के निर्माण से हर वर्ष विश्व प्रसिद्ध सौर तीर्थस्थल देव में कार्तिक एवं चैत माह में लगने वाले चार दिवसीय छठ मेला के दौरान आनेवाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी। विधि व्यवस्था संधारण में सहायता होगी। रिंग रोड के अधिग्रहित की जानेवाली भूमि पर बनने वाली सड़क की चौड़ाई 30 मीटर होगी। साथ ही प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के पास में ही स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं स्टेडियम का निर्माण होगा। इसके लिए राज्य सरकार ने 29 करोड़ 45 लाख की स्वीकृति दी है। स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में 4 बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केट बॉल कोर्ट होंगे। अलगा जिम और योगा के लिए एक हॉल होगा। इन सभी योजनाओं पर कार्य शीघ्र शुरू होगा। कार्य शुरू कराने के लिए निविदा की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी। निविदा की प्रक्रिया पूरी होने के बाद धरातल पर कार्य आरंभ होगा। प्रेसवार्ता में औरंगाबाद के अपर समाहर्ता ललित भूषण रंजन, सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार सिंह, आरसीडी के कार्यपालक अभियंता, जिला खेल पदाधिकारी कुमार पप्पू राज, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश कुमार, कई वरीय उप समाहर्ता एवं देव प्रखंड के सभी पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

इलाके के लोगों की मौजूदगी में ऑन साईट मेडिकल कॉलेज परियोजना की जानकारी देते डीडीसी, मौजूद लोग व

इलाके के लोगों की मौजूदगी में ऑन साईट मेडिकल कॉलेज परियोजना की जानकारी देते डीडीसी, मौजूद लोग व

इलाके के लोगों की मौजूदगी में ऑन साईट मेडिकल कॉलेज परियोजना की जानकारी देते डीडीसी, मौजूद लोग व