{"_id":"64a524d569687e4cc008bce0","slug":"four-children-were-injured-after-falling-down-stairs-of-a-government-school-in-nalanda-2023-07-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: सरकारी स्कूल की सीढ़ी गिरने से चार बच्चे दबकर घायल; BEO बोलीं- बाढ़ आने से जर्जर हो गया स्कूल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: सरकारी स्कूल की सीढ़ी गिरने से चार बच्चे दबकर घायल; BEO बोलीं- बाढ़ आने से जर्जर हो गया स्कूल
Wed, 05 Jul 2023 01:37 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Wed, 05 Jul 2023 01:37 PM IST
सार
ग्रामीण सुनैना देवी ने बताया कि स्कूल के जर्जर होने की सूचना कई बार विद्यालय के प्रिंसिपल और अन्य पदाधिकारियों को दी गई थी। उसके बावजूद इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जर्जर भवन की जगह नए स्कूल भवन का निर्माण कराया जाए।
विज्ञापन
स्कूल की सीढ़ी गिरने से चार बच्चे हुए घायल
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के नालंदा के रहूई प्रखंड के सोनसिकरा गांव में बुधवार को अचानक से प्राथमिक स्कूल की सीढ़ी भरभरा कर नीचे गिर गई। इस घटना में चार स्कूली बच्चे घायल हो गए। उसके बाद आनन-फानन में ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। फिर घायल बच्चों को इलाज के लिए रहूई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायल बच्चों में सोनसिकरा गांव निवासी मंटू पासवान का बेटा बलबीर कुमार, भूषण यादव की बेटी अंशु कुमारी, सूबेलाल चौहान की बेटी सुंदरी कुमारी और दिनेश चौहान की बेटी अमृता कुमारी है।
विज्ञापन
स्कूल की सीढ़ी गिरने की सूचना प्रखंड के अधिकारियों को दी गई। इसके बाद मौके पर रहूई प्रखंड के बीडीओ, सीओ, बीईओ सहित अन्य पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे। फिर मामले की जांच में जुट गए।
विज्ञापन
घटना के वक्त कक्षा में जा रहे थे बच्चे
दरअसल, प्राथमिक स्कूल में कुल चार कमरे बने हुए हैं। नीचे दो कमरे हैं, जबकि पहले तल (फर्स्ट फ्लोर) पर भी दो कमरे हैं। नीचे दो कमरों में मध्याह्न भोजन को लेकर सामान रखा रहता है। वहीं, बच्चों की पढ़ाई पहले तल पर होती है। बच्चे सीढ़ियों से ऊपर अपनी कक्षा में जा रहे थे। तभी अचानक से सीढ़ी भरभरा कर नीचे गिर गई। इस हादसे में चार बच्चे घायल हो गए। स्कूल में कुल चार शिक्षक पदस्थापित हैं और लगभग 100 बच्चे नामांकित हैं।
विज्ञापन
स्थिति जानकर भी अनजान बने रहे अधिकारी
ग्रामीण सुनैना देवी ने बताया कि स्कूल के जर्जर होने की सूचना कई बार विद्यालय के प्रिंसिपल और अन्य पदाधिकारियों को दी गई थी। उसके बावजूद इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जर्जर भवन की जगह नए स्कूल भवन का निर्माण कराया जाए।
रहूई प्रखंड की बीईओ कुमारी उषा ने बताया कि बाढ़ आने के कारण स्कूल की स्थिति खराब हो गई है। वरीय अधिकारियों को स्कूल की स्थिति के बारे में सूचना दे दी गई है। सभी बच्चों को इलाज के लिए रहूई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।