मधुबनी में बेखौफ अपराधी: बाइक ओवरटेक कर युवक को मारी गोली, CM के कार्यक्रम के बीच वारदात से सुरक्षा पर सवाल
मधुबनी के भैरवस्थान थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर लोहना पाठशाला के पास तीन बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने 19 वर्षीय युवक अविनाश कुमार को ओवरटेक कर गोली मार दी। गोली उसकी जांघ में लगी।
विस्तार
मधुबनी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पूरा पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में जुटा हुआ है, इसी बीच जिले में अपराधियों ने पुलिस की मुस्तैदी को चुनौती देते हुए एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। भैरवस्थान थाना क्षेत्र के एनएच-27 पर लोहना पाठशाला के पास बाइक सवार युवक को तीन अज्ञात अपराधियों ने पीछा कर ओवरटेक किया और गोली मार दी। गोली युवक की जांघ में लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच दरभंगा रेफर किया गया, जहां इलाज के बाद अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एनएच-27 पर बाइक सवार युवक को मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, घटना भैरवस्थान थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर लोहना पाठशाला के समीप की है। बाइक से जा रहे युवक का तीन बाइक सवार अपराधियों ने पीछा किया। सुनसान इलाके में अपराधियों ने बाइक को ओवरटेक किया और युवक पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
घायल युवक की हुई पहचान
घायल युवक की पहचान आरएस थाना क्षेत्र के बेरमा गांव निवासी 19 वर्षीय अविनाश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अविनाश कुमार अपने दादाजी का इलाज कराने के लिए पटना गया था। इलाज के बाद वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मनिगाछी राजे टोल प्लाजा से आगे निकलने के बाद तीन बाइक सवार अपराधियों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
तीन बाइक पर सवार थे अपराधी
पुलिस के अनुसार, अपराधी तीन अलग-अलग बाइक पर सवार थे। इनमें पल्सर, साइन और अपाचे बाइक शामिल होने की बात सामने आई है। टोल प्लाजा से आगे सुनसान इलाके में अपराधियों ने अविनाश की बाइक को ओवरटेक किया और उस पर गोली चला दी। गोली युवक की जांघ में लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फिलहाल गोली मारने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस युवक से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच रेफर
गोली लगने के बाद घायल अविनाश को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया। डीएमसीएच में डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसकी जांघ में लगी गोली निकाल दी। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
भैरवस्थान थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि रात में युवक को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद युवक को उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच दरभंगा रेफर किया गया। वहां उसका इलाज कराया गया और जांघ में लगी गोली निकाल दी गई।
पुलिस कर रही अपराधियों की तलाश
थानाध्यक्ष के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पता चला कि युवक पटना से वापस आ रहा था। मनिगाछी राजे टोल प्लाजा से आगे तीन बाइक सवार अपराधियों ने उसका पीछा किया और लोहना पाठशाला के समीप उसे गोली मार दी। स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अविनाश को गोली क्यों मारी गई। पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बीच वारदात से उठे सवाल
मधुबनी में आज मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले का पूरा पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में जुटा हुआ है। ऐसे समय में एनएच-27 जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर बाइक सवार युवक को गोली मारने की घटना ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि गोली लगने के बावजूद युवक की जान बच गई और इलाज के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि, घटना ने यह सवाल जरूर खड़ा किया है कि जब पूरा पुलिस महकमा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा में तैनात है, तब अपराधी इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने में कैसे सफल हो गए।