Bihar: 'बिहार की महिलाओं के आत्म-सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला बयान', समस्तीपुर विधायक ने गिरधारी लाल को घेरा
Bihar: समस्तीपुर विधायक अश्वमेघ देवी ने उत्तराखंड की मंत्री पति गिरधारी लाल साहू के बिहार की महिलाओं पर दिए गए अपत्तिजनक बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने बयान को महिलाओं के आत्म-सम्मान पर हमला बताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की।
विस्तार
समस्तीपुर की विधायक और बिहार महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष अश्वमेघ देवी ने उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा बिहार की महिलाओं पर दिए गए अपत्तिजनक बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है।
अश्वमेघ देवी ने कहा कि गिरधारी लाल का बयान महिलाओं के आत्म-सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है और उन्होंने मांग की कि मंत्री पति तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेंगी।
विधायक ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार महिलाओं के मान-सम्मान और सशक्तिकरण के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विपक्षी पार्टियों राजद और कांग्रेस के साथ-साथ बीजेपी की सहयोगी पार्टी जदयू ने भी इस बयान की निंदा की है और गिरधारी लाल को महिलाओं से माफी मांगने के लिए कहा गया है।
पढ़ें: बिहार की बेटी पर अभद्र टिप्पणी के खिलाफ मुजफ्फरपुर में कांग्रेस का विरोध, भाजपा पर साधा निशाना
अश्वमेघ देवी ने जोर देकर कहा कि बिहार की महिलाएं राजनीतिक, प्रशासनिक और अन्य क्षेत्रों में सर्वोच्च पदों पर हैं और ऐसे बयान किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं पूरे देश में अपना परचम लहरा रही हैं और 25 हजार में खरीदी जाने जैसी बात करने वाले गिरधारी लाल को यह समझना चाहिए।
दो दिन पूर्व, उत्तराखंड के मंत्री पति गिरधारी लाल साहू ने एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठे लोगों के सामने यह विवादित बयान दिया था कि बिहार की महिलाएं 20-25 हजार रुपये में खरीदी जा सकती हैं। इस दौरान मंच पर मौजूद लोग हंसते रहे और कोई भी महिला या अन्य व्यक्ति इस बयान के खिलाफ खड़ा नहीं हुआ।