Lok Sabha 2024: दरभंगा में राज मैदान में मोदी की रैली के लिए बन रहा भव्य पंडाल, चार मई को करेंगे सभा
Lok Sabha Polls 2024: विधायक संजय सरावगी ने बताया कि चार मई को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दरभंगा के राज मैदान में ऐतिहासिक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। मैदान में विशाल पंडाल बनाए जा रहे हैं, जिसके अंदर तकरीबन चालीस हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी।
विस्तार
बिहार के दरभंगा जिले के ऐतिहासिक राज मैदान में चार मई को भाजपा के शीर्ष नेता नरेंद्र मोदी एनडीए उम्मीदवार गोपाल जी ठाकुर के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। मोदी की सभा को लेकर राज मैदान में भव्य पंडाल और मंच का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सैंकड़ों मजदूर तरह-तरह के अत्याधुनिक मशीन के साथ पंडाल और मंच निर्माण काम में लगे हुए हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार पुलिस प्रशासन की टीम भी राज मैदान का दौरा करती दिखाई दे रही है। इस सभा की सफलता को लेकर भाजपा के नगर विधायक संजय सरावगी खुद राज मैदान पहुंचकर तैयारी में जुटे हुए हैं। कहीं कोई कमी न हो इसके लिए विधायक जी अपने समर्थकों के साथ पूरे मैदान में घूम-घूम कर एक-एक चीज को बारीकी से देख रहे हैं।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार मई को दो बजे दिन में दरभंगा के ऐतिहासिक राज मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में ढाई लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। भाजपा द्वारा इस सभा में बनाए जा रहे पंडाल में चालीस हजार कुर्सियां लगाई जाने की व्यवस्था की जा रही है। बता दें कि इसी राज मैदान में 2019 के 24 अप्रैल को नरेंद्र मोदी ने सभा को संबोधित किया था।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की खबर के बाद जिला प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए राज मैदान पहुंचकर माथापच्ची करता दिखाई दे रहा है। दरभंगा नगर के विधायक संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि मिथिला के पाहुन भगवान् श्रीराम को अयोध्या में राम जन्म भूमि में बने भव्य राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठ के बाद माता सीता की धरती पर प्रधानमंत्री आ रहे हैं। ऐसे में मिथिला के लोग प्रधानमंत्री की एक झलक देखने और उन्हें सुनने को बेताब हैं।
सभा की तैयारी को लेकर नगर विधायक संजय सरावगी ने बताया कि चार मई को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दरभंगा के राज मैदान में ऐतिहासिक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। मैदान में विशाल पंडाल बनाए जा रहे हैं, जिसके अंदर तकरीबन चालीस हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। ताकि कड़ी धूप में लोगों को कोई असुविधा नहीं हो। उन्होंने दावा कर कहा कि मैदान की क्षमता करीब दो ढाई लाख लोगों की है जितने लोग मैदान में होंगे, उससे कहीं ज्यादा लोग मैदान के बाहर भी दिखाई देंगे।
साथ ही उन्होंने बताया कि मिथिला के पाहुन भगवान् श्रीराम को अयोध्या में राम जन्म भूमि में बने भव्य राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद माता सीता की धरती प्रधानमंत्री आ रहे हैं। ऐसे में मिथिला के लोग प्रधानमंत्री की एक झलक देखने और उन्हें सुनने को बेताब हैं। लोगों का अपार समर्थन मिथिला में मोदी जी को मिलता है। प्रधानमंत्री जब दरभंगा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे तो इसका बड़ा प्रभाव कई लोकसभा सीट पर होगा, इसका फायदा सीधे बीजेपी को मिलेगा।