Bihar News: रेलवे की घोर लापरवाही! अंटौर गुमटी पर नहीं था स्टाफ, ट्रेन लोको पायलट ने खुद बंद किया फाटक
Darbhanga News: चश्मदीदों ने बताया कि जब ट्रेन अंटौर गुमटी के पास पहुंच रही थी, तब गेट पूरी तरह खुला था। न कोई सिग्नल, न कोई गेटमैन और सड़क से गुजर रहे वाहन भी अपनी गति से चल रहे थे। ऐसे में लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन को रोका और खुद उतरकर फाटक बंद किया।
विस्तार
रेलवे की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है, लेकिन इस बार किसी कर्मचारी की सजगता नहीं, बल्कि एक ट्रेन के लोको पायलट की सतर्कता ने सैकड़ों यात्रियों की जान बचा ली। मामला दरभंगा जिले के बेनीपुर-अलीनगर रेलखंड के अंतर्गत आने वाले अंटौर रेलवे गुमटी का है। जहां शनिवार को एक बेहद चौंकाने वाली घटना हुई।
यहां फाटक पर कोई रेलवे कर्मचारी मौजूद नहीं था, जबकि रेलगाड़ी उस ओर बढ़ रही थी। गेट खुला हुआ था और सड़क पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन ट्रेन के लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन को रोका, खुद उतरे और गेट को बंद करके ट्रेन को सुरक्षित आगे निकाला।
यह भी पढ़ें- DSP श्रेष्ठा शादी विवाद: सौरभ हत्याकांड के बाद UP में एक और हाई-प्रोफाइल मामला; जानें शादी से जेल तक की कहानी
लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
चश्मदीदों के अनुसार, जब ट्रेन अंटौर गुमटी के पास पहुंच रही थी, तब गेट पूरी तरह खुला था। न कोई सिग्नल, न कोई गेटमैन और सड़क से गुजर रहे वाहन भी अपनी गति से चल रहे थे। लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन को रोका और खुद उतरकर फाटक बंद किया, फिर ट्रेन को फाटक पार करवाया और बाद में उसे खोलकर दोबारा ट्रेन में सवार हुए। अगर लोको पायलट ने समय पर सूझबूझ न दिखाई होती, तो गेट पर सड़क पार कर रहे लोग और ट्रेन में सवार यात्रियों की जिंदगियां खतरे में पड़ सकती थीं।
वीडियो हुआ वायरल, रेलवे पर उठे सवाल
इस घटना का वीडियो किसी स्थानीय नागरिक ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि ट्रेन खड़ी है, लोको पायलट नीचे उतरते हैं, गेट बंद करते हैं और फिर ट्रेन आगे बढ़ती है। हालांकि वीडियो की तिथि को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है, लेकिन यह शनिवार का बताया जा रहा है। वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी रेलवे की ओर से नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: तेज रफ्तार बाइक ने BPSC शिक्षिका को मारी जोरदार टक्कर, मौके पर ही मौत; पति भी घायल
रेलवे प्रशासन की चुप्पी पर नाराजगी
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गंभीर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही रेलवे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जब फाटक वाले गुमटी पर कोई कर्मचारी नहीं होगा, तो यात्रियों की सुरक्षा कौन सुनिश्चित करेगा? रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। न ही यह बताया गया है कि फाटक पर स्टाफ क्यों मौजूद नहीं था।