बिहार: पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, पथराव में वाहन का शीशा टूटा; ASI घायल उपचार जारी
दरभंगा के मनीगाछी में आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। रोड़ेबाजी में पुलिस वाहन का शीशा टूट गया और एएसआई घायल हो गए। वहीं, पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में आरोपी अजय पासवान भी घायल हो गया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
विस्तार
दरभंगा के मनीगाछी थाना क्षेत्र के बंघात गांव में शराब कारोबारी को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान गिरफ्तार शराब कारोबारी अजय पासवान पुलिस की गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश में जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए डीएमसीएच के कैदी वार्ड में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कराया गया है।
इस घटना में ग्रामीणों ने रोड़ेबाजी की, जिसमें पुलिस वाहन का शीशा टूट गया और एएसआई राजेश सिंह घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, अजय पासवान ने भी पुलिस वाहन का पिछला शीशा तोड़कर चलती गाड़ी से कूदने की कोशिश की, जिससे वह घायल हो गया। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले में प्राथमिकी संख्या 267/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजय पासवान पुलिसकर्मियों से उलझ गया
बताया जाता है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बंघात गांव के पासवान टोला में कुछ लोग नशे में धुत होकर हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और हंगामा करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस की गाड़ी में बैठा लिया। इस दौरान अजय पासवान पुलिसकर्मियों से उलझ गया और धक्का-मुक्की करते हुए पुलिस की गाड़ी में बैठाए गए तीनों आरोपियों को छुड़ाकर भगा दिया।
इसके बाद पुलिस बैरंग वापस लौट गई और अजय पासवान सहित छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद गुरुवार को बाजीतपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार नेहरा, थानाध्यक्ष मोती कुमार और मनीगाछी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पासवान टोला में छापेमारी करने पहुंची। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी अजय पासवान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए हंगामा किया। भीड़ को काबू कर पुलिस अजय को लेकर थाना लौटने लगी। इस दौरान गांव से करीब दो किलोमीटर दूर चार बाइक सवार कुछ युवकों ने पुलिस की गाड़ी के आगे बाइक खड़ी कर उसे रोक दिया। इसके बाद रोड़ेबाजी की गई, जिससे पुलिस की गाड़ी का शीशा टूट गया।
इतना ही नहीं, अजय पासवान ने पुलिस की हिरासत से भागने के लिए बोलेरो के पीछे का शीशा तोड़कर चलती गाड़ी से कूदने की कोशिश की। इस दौरान वह जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार करने की बात कही थी
डीएमसीएच में पुलिस की गिरफ्त में इलाजरत अजय कुमार पासवान ने पुलिस के आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा है। अजय का कहना है कि एक दिन पहले मनीगाछी पुलिस तीन युवकों को नशे की हालत में पकड़कर ले जा रही थी। उसने ग्रामीणों के साथ मिलकर उन्हें पुलिस के कब्जे से छुड़ाया था और इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया था। अजय का आरोप है कि उसी दौरान पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार करने की बात कही थी।
डीएमसीएच में भर्ती कराया गया
अजय के अनुसार, इसके अगले दिन देर रात कई थानों की पुलिस ने उसके घर को घेर लिया और उसे जबरन पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाया। उसका आरोप है कि वाहन के अंदर पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं। अजय का दावा है कि पुलिस वाहन का शीशा तोड़कर उसे बाहर फेंक दिया गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी डीएमसीएच पहुंचे और घायल युवक से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अजय के साथ कथित मारपीट की जांच की मांग की है।
ये भी पढ़ें- ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर सियासत: लालू के बेटे-बेटी भाजपा पर बोला हमला, रोहिणी और तेजस्वी ने क्या कहा जानिए?
इधर, बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने पुलिस पर लगाए गए आरोपों से अलग पुलिस की कार्रवाई का पक्ष रखा है। एसडीपीओ के अनुसार, दो दिन पहले देर रात मनीगाछी पुलिस ने तीन युवकों को नशे की हालत में पकड़ा था। पुलिस का कहना है कि अजय कुमार पासवान और कुछ ग्रामीणों ने उन युवकों को यह कहते हुए पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया कि उन्होंने नशा नहीं किया है। एसडीपीओ ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो में युवकों के ताड़ी पीने की बात कहे जाने की बात भी सामने आई है।
बेनीपुर अनुमंडल के एसडीपीओ ने बताया कि पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई और अजय कुमार पासवान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बघांत गांव पहुंची। इसी दौरान पुलिस टीम को घेरकर हमला और रोड़ेबाजी की गई, जिससे पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुआ और एएसआई घायल हुए। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के बाद दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होने की बात कही गई है।