Bihar: 15 बरस की बाली उम्र में शादी, 10 साल के बेटे ने अब मां की मौत का खोला राज; राजस्थान से आई सास, तब कांड
दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय प्रीति कुमारी की संदिग्ध मौत हो गई। मायके पक्ष ने सास पर गर्म पानी में जहर मिलाकर हत्या का आरोप लगाया है। 10 वर्षीय बेटे के बयान के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय प्रीति कुमारी की संदिग्ध मौत हो गई। मायके पक्ष ने सास पर गर्म पानी में जहर मिलाकर हत्या का आरोप लगाया है। 10 वर्षीय बेटे के बयान के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के सुसारी गांव में 25 वर्षीय विवाहिता प्रीति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने सास पर गर्म पानी में जहर मिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, मृतका के 10 वर्षीय बेटे ने भी दावा किया कि उसकी दादी ने मां को गर्म पानी पीने के लिए दिया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका प्रीति कुमारी अनील राय की पत्नी थीं। अनील राय सहित परिवार के अन्य सदस्य राजस्थान में मजदूरी करते हैं। मृतका के छोटे भाई राघव कुमार, जो समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के बुनियादपुर के रहने वाले हैं, ने बताया कि मंगलवार शाम प्रीति ने वीडियो कॉल कर अपनी मां और बहन से बातचीत की थी। बातचीत के दौरान उन्होंने नल-जल योजना के नल से पानी भरने की बात कहकर फोन काट दिया।
पढ़ें: डीएम दफ्तर के सामने दो हजार की रिश्वत लेते धराया बाबू, फाइल बढ़ाने के लिए मांगी थी घूस
राघव कुमार के अनुसार, करीब आधे घंटे बाद उनके जीजा अनील राय ने राजस्थान से फोन कर प्रीति की मौत की सूचना दी। इसके बाद रात करीब 11 बजे जब परिवार के लोग ससुराल पहुंचे तो प्रीति का शव बरामदे में रखा था। उनका 10 वर्षीय बेटा अभिनव रो रहा था, जबकि सास, ननद और देवरानी कमरे में थीं।
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने अभिनव से घटना के बारे में पूछा तो उसने बताया कि उसकी दादी ने मां को गर्म पानी पीने के लिए दिया था। पानी पीने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि गर्म पानी में जहर मिलाकर प्रीति की हत्या की गई।
राघव कुमार ने बताया कि शादी के बाद प्रीति अपने पति के साथ राजस्थान गई थी, लेकिन वहां पति और ससुराल वालों द्वारा मारपीट किए जाने से परेशान होकर वह मायके लौट आई थी। करीब चार महीने पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद वह फिर ससुराल आकर रहने लगी थी। उन्होंने यह भी बताया कि मृतका की सास राजस्थान में रहती है और कुछ दिन पहले ही गांव आई थी। बहेड़ी थाना पुलिस ने बताया कि मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।