बिहार: पटाखों के अवैध कारोबार पर बड़ा एक्शन, 600 किलो से अधिक पटाखे बरामद; दुकान सील की गई सील
बक्सर के सारिमपुर इलाके में प्रशासन ने अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 किलो से अधिक पटाखे बरामद किए हैं। संबंधित दुकान को सील कर दिया गया है।
विस्तार
बक्सर जिले में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सारिमपुर इलाके में की गई कार्रवाई के दौरान 600 किलो से अधिक पटाखे बरामद किए गए हैं। संबंधित दुकान को सील कर दिया गया है। सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा कि अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण पूरी तरह गैरकानूनी है। इस संबंध में वे बार-बार मीडिया के माध्यम से बक्सर के व्यवसायी वर्ग को आगाह करते रहे हैं। इसके बावजूद सारिमपुर में हुई कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में पटाखों का बरामद होना गंभीर मामला है। उन्होंने बताया कि पटाखों के स्थायी गोदाम के लिए फिलहाल किसी भी व्यक्ति की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है और न ही किसी को इसके लिए अनुमति प्रदान की गई है।
ये भी पढ़ें- बिहार न्यूज: दो बाइकों की टक्कर में मां-बेटी की मौत, पांच माह की मासूम ने भी तोड़ा दम; पिता गंभीर
उन्होंने व्यवसायियों से अपील करते हुए कहा कि पर्व-त्योहार के अवसर पर पटाखों की बिक्री और भंडारण निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें। किसी भी परिस्थिति में गैरकानूनी तरीके से पटाखों का भंडारण न करें और न ही उनकी बिक्री करें। नियमों का उल्लंघन कर पटाखों का भंडारण या बिक्री करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।